खूंटी में बस-कार की टक्कर, दो की मौत, दो घायल
खूंटी-रांची रोड पर फुदी गांव के समीप शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे एक कार व यात्री बस में टक्कर हो गई। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दो जख्मी हो गए।
खूंटी : खूंटी-रांची रोड पर फुदी गांव के समीप शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे एक कार व यात्री बस में सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार में सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का प्राथमिक चिकित्सा खूंटी सदर अस्पताल में किया गया। यहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस दोनों मृतकों के शव को थाने लेकर आई है। शनिवार को उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार यात्री बस चाईबासा से पटना जा रही थी। वहीं, कार रांची से खूंटी आ रही थी। इसी दौरान फुदी गांव के निकट दोनों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। परिणामस्वरूप कार में सवार कोडरमा के तिलैया निवासी राहुल शर्मा 22 व सुखदेव सिंह 25 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सुखदेव सिंह कार को चला रहा था। वहीं, कार में सवार विशाल कुमार व शुभम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि घायल विशाल कुमार खूंटी के सर्किट हाउस में केयरटेकर के पद पर कार्यरत है। सूचना पाकर पहुंची खूंटी पुलिस ने दोनों घायलों को सदर अस्पताल में पहुंचाया। दुर्घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बस को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है।