हत्या के दो आरोपित गिरफ्तार
खूंटी : हत्या के दो आरोपितों को बीते सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अ
खूंटी : हत्या के दो आरोपितों को बीते सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मारंगहादा थाना के टंकाटोली मारंगहातू का दुखिन मुंडा और गंझू मुंडा शामिल हैं। अभियुक्तों ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि उन्होंने एक जुलाई को सुमेर स्वांसी की हत्या कर शव को लुपुंगडीह के एक कुएं में डाल दिया था। पुलिस ने तीन जुलाई को शव बरामद किया था। एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच के लिए मांरगहादा के थाना प्रभारी उमाशंकर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। अनुसंधान के क्रम में पता चला कि दुखिन और गंझू मुंडा ने घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे सुमेर के साथ एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए सारिदकेल गांव के रोंबा पाहन के घर गये हुए थे। वहां सभी ने शराब पी ली। उसी दौरान गंझू के मोबाइल से किसी ने मेमोरी कार्ड निकाल लिया। इसको लेकर गंझू और सुमेर के बीच काफी बकझक हुई। इस पर सुमेर ने धमकी दी कि वह अपने भाई से दोनों की हत्या करा देगा। डर कर गंझू और दुखिन ने सुमेर से माफी मांग ली। कुछ देर बाद दोनों सुमेर को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गए और पत्थर से कूच कर उसकी हत्या कर दी और शव को छिपाने की नीयत से लुपुंडीह के कुएं में डाल दिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर को और एक मोबाइल बरामद कर लिया।