पत्थलगड़ी समर्थकों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया : समीर उरांव
खूंटी : राज्यसभा सांसद समीर उरांव और भाजपा विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि पत्थलगड़ी समर्थकों ने कोचां
खूंटी : राज्यसभा सांसद समीर उरांव और भाजपा विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि पत्थलगड़ी समर्थकों ने कोचांग में नुक्कड़ नाटक करने गई पांच आदिवासी युवतियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। इस घटना में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वे शुक्रवार को इस घटना में दोषी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा और डीसी उपायुक्त को आवेदन देने के बाद जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक साजिश के तहत पत्थलगड़ी करने वाले का नेतृत्वकर्ताओं ने भय दिखाकर फादर-सिस्टर के सामने पांच आदिवासी युवतियों का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया। उन्होंने कहा कि फादर के सामने हुए अपहरण की जानकारी होने के बावजूद भी साक्ष्य को छुपाने का प्रयास किया गया। इससे साफ झलकता है कि इनमें संस्था एवं पादरी भी घटना में शामिल हैं। उरांव ने कहा कि पहले मुगल साम्राज्य, अंग्रेज, राजा-राजवाड़े एवं अन्य शासक लोगों द्वारा धमका कर आदिवासी महिलाओं के साथ यौन शोषण होता था, अब एक साजिश के तहत विदेशी धर्म एवं उनकी संस्था द्वारा भोले-भाले आदिवासियों को गुमराह कर पत्थलगड़ी के नाम पर गांव में पत्थलगड़ी की जा रही है। ताकि, कोई भी पुलिस-प्रशासन सरकारी सेवक गांव में प्रवेश नहीं कर सके और आदिवासी लड़कियों के साथ यौन शोषण करते रहें। इसी के परिणामस्वरूप कोचांग मिशन स्कूल की घटना को अंजाम दिया गया। इसमें मिशन स्कूल से संबंधित सभी लोगों को कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस अवसर पर कोचे मुंडा, दिनेश उरांव, अशोक बड़ाइक, जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, नीलू पाहन सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।