खूंटी में पत्नी का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे पति की अचानक मौत, स्वजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
खूंटी सदर अस्पताल में पत्नी का इलाज कराने आए मुरही बारू गांव निवासी धर्मदेव सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने से ...और पढ़ें

पत्नी का इलाज कराने आए पति की अस्पताल में हुई मौत। जागरण
HighLights
पत्नी का इलाज कराने आए पति की अस्पताल में हुई मौत।
स्वजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
संवाद सहयोगी, खूंटी। पत्नी का इलाज कराने सदर अस्पताल पहुंचे मुरही बारू गांव निवासी धर्मदेव सिंह की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। स्वजनों ने इलाज में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताते हुए इलाज में किसी तरह की कमी से इनकार किया है।
स्वजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी सबीता देवी बीमारी के कारण 16 सितंबर से सदर अस्पताल में भर्ती हैं। धर्मदेव सिंह अस्पताल में रहकर पत्नी की देखभाल कर रहे थे। शुक्रवार सुबह अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। इसकी जानकारी चिकित्सक को दी गई।
चिकित्सक के निर्देश पर नर्स ने उन्हें तीन इंजेक्शन दिए। इसके बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। स्वजनों ने इसे इलाज में लापरवाही बताया।
घटना की जानकारी मिलने पर सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक अस्पताल पहुंचे और स्वजनों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इलाज को लेकर कोई शिकायत है तो लिखित आवेदन दें। आवेदन मिलने पर मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पोस्टमार्टम कराने की भी बात कही, लेकिन स्वजनों ने लिखित शिकायत नहीं दी और पोस्टमार्टम कराए बिना शव लेकर घर चले गए।
इधर, सिविल सर्जन ने बताया कि धर्मदेव सिंह को हार्ट अटैक आया था। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी स्थिति गंभीर थी और उपचार के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल सका। उन्होंने इलाज में चिकित्सकों की ओर से किसी तरह की कमी से इनकार किया।
