खूंटी के पर्यटन स्थलों की बदलेगी तस्वीर, पंचघाघ से डोम्बारी बुरु तक... विकास कार्यों को मिली रफ्तार
उपायुक्त की अध्यक्षता में खूंटी में जिला खेल एवं पर्यटन समिति की बैठक हुई, जिसमें पर्यटन स्थलों पर ट्रेकिंग रूट ...और पढ़ें

दिशा-निर्देश देते हुए उपायुक्त। जागरण
HighLights
पर्यटन स्थलों पर ट्रेकिंग रूट विकसित करने का निर्देश दिया गया।
पंचघाघ पर्यटन स्थल को नो-प्लास्टिक जोन बनाने की कार्रवाई करें।
संवाद सहयोगी, खूंटी। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला खेल एवं पर्यटन समिति की बैठक हुई। इसमें जिले में संचालित और निर्माणाधीन खेल एवं पर्यटन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पंचघाघ पर्यटन स्थल परँ रिपेयरिंग, ब्रिक वर्क पाथवे, शेड, शौचालय, कैंटीन भवन और तोरण द्वार समेत अन्य कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पर्यटन स्थलों पर साइनेज बोर्ड लगाने तथा पंचघाघ क्षेत्र को नो-प्लास्टिक जोन घोषित करने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उलिहातू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने बम्बू कॉटेज, लैंडस्केपिंग समेत सभी विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरा कराने को कहा।
वहीं, पेरवाघाघ में लगभग पूर्ण हो चुके कार्यों के बाद विद्युतीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डोम्बारी बुरु में पाथवे, रेलिंग और लाइट समेत प्रस्तावित अन्य विकास कार्यों के लिए तैयार डीपीआर की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने जिले के पर्यटन स्थलों में ट्रेकिंग की संभावनाओं को देखते हुए उपयुक्त ट्रेकिंग रूट चिह्नित कर आवश्यकतानुसार विकसित करने पर जोर दिया, ताकि पर्यटन गतिविधियों को और बढ़ावा मिल सके।
खेल क्षेत्र की समीक्षा के दौरान बिरसा मुंडा मॉडल फुटबॉल स्टेडियम की गैलरी शेड के नवीनीकरण कार्य को जल्द पूरा कराने और विद्युतीकरण के लिए ट्रांसफार्मर सहित आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खेल एवं पर्यटन पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- खूंटी: स्कूल जाने की बात कहकर दोस्तों संग रिमिक्स फॉल पहुंचा 19 साल का छात्र, गहरे पानी में डूबने से मौत
