विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में फादर बेनेदिक बारला पर हमले का खुलासा, 3 नाबालिग पकड़े गए; 85 हजार से अधिक रुपये बरामद

Published: Sat, 24 Oct 2026 10:23 AM (GMT+05:30)

खूंटी के आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर बेनेदिक बारला पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा कर ...और पढ़ें

फादर बेनेदिक बारला पर जानलेवा हमले का पुलिस ने किया खुलासा। जागरण

फादर बेनेदिक बारला पर जानलेवा हमले का पुलिस ने किया खुलासा। जागरण

HighLights

  1. प्रधानाध्यापक पर जानलेवा हमले का पुलिस ने किया खुलासा।

  2. तीन नाबालिग आरोपी पकड़े गए, चौथा अभी भी फरार।

संवाद सहयोगी, खूंटी। आरसी बालक मध्य विद्यालय (मिखाएल), खूंटी के प्रधानाध्यापक फादर बेनेदिक बारला पर हुए जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने 13 से 15 वर्ष के तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है।

उनकी निशानदेही पर प्रधानाध्यापक के चेंबर से चोरी किए गए 85,747 रुपये, दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं। घटना में शामिल चौथा आरोपित फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।

शुक्रवार शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि 20 अक्टूबर की रात चारों आरोपित स्कूल परिसर के पीछे अवस्थित कब्रिस्तान की तरफ से दीवाल फांदकर प्रधानाध्यापक के चेंबर में चोरी करने के उद्देश्य से प्रवेश किए थे।

इसी दौरान प्रधानाध्यापक के वहां पहुंचने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस संबंध में खूंटी थाना में कांड संख्या 152/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसपी के अनुसार, घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की राशि और दो मोबाइल फोन के अलावा चोरी के रूपये से खरीदे गए एक होम थिएटर, कपड़ा, जूता एवं घटना के समय आरोपितों द्वारा पहने गए कपड़े तथा अन्य सामान बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, निरुद्ध तीनों बालक इसी विद्यालय से पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्तमान में लोयोला उच्च विद्यालय में अध्ययनरत हैं। वे सभी स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करते थे। बताया गया है कि स्कूल में पढ़ाई के दौरान भी वे प्रधानाध्यापक के चेंबर से छोटी-मोटी चोरी कर चुके थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 85,747 रुपये और दो मोबाइल फोन के अतिरिक्त एक खुखरी चाकू, पेचकस, स्क्रूड्राइवर, गमछा, गले में लगाने वाला स्कार्फ, कपड़े, चप्पल और एक होम थिएटर समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। मामले में शामिल चौथे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापामारी जारी है। 

यह भी पढ़ें- रांची में फादर बेनेदिक बारला की हालत में सुधार, हमलावरों की तलाश जारी; ताेरपा विधायक ने दिया ब्लड