रांची में फादर बेनेदिक बारला की हालत में सुधार, हमलावरों की तलाश जारी; ताेरपा विधायक ने दिया ब्लड
खूंटी के आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर बेनेदिक बारला की सेहत में सुधार हो रहा है, जिनका रांची ...और पढ़ें

फादर बेनेदिक बारला की हालत में सुधार, विधायक सुदीप गुड़िया ने किया रक्तदान।
HighLights
फादर बेनेदिक बारला की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।
हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया।
विधायक सुदीप गुड़िया ने रक्तदान कर स्वास्थ्य जानकारी ली।
संवाद सूत्र, खूंटी। आरसी बालक मध्य विद्यालय, खूंटी के प्रधानाध्यापक फादर बेनेदिक बारला की सेहत में सुधार हो रहा है। मंगलवार रात अज्ञात अपराधियों के हमले में घायल फादर बेनेदिक का रांची के पल्स अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आरसी चर्च, खूंटी के विकर जनरल फादर बिशु बेंजामिन आइंद ने गुरुवार को बताया कि चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। फादर बिशु के मुताबिक, फादर बेनेदिक का बीपी और शुगर लेवल लगभग सामान्य हो गया है।
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनके शरीर में खून की कमी हो गई थी। इसकी भरपाई के लिए अब तक लगभग छह यूनिट रक्त चढ़ाया गया है।
तोरपा विधायक ने किया रक्तदान
तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने गुरुवार को पल्स अस्पताल पहुंचकर फादर बेनेदिक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उपचार के लिए रक्त की आवश्यकता की जानकारी मिलने पर उन्होंने ब्लड बैंक में स्वेच्छा से रक्तदान किया।
उनके साथ गए झामुमो युवा मोर्चा के प्रखंड उपाध्यक्ष जॉनसन आइंद ने भी रक्तदान किया। विधायक ने कहा कि जरूरत के समय किसी की सहायता के लिए आगे आना सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने फादर बेनेदिक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
फादर बेनेदिक बारला पर हुए हमले के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी और जांच कर रही है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
एसआईटी में एएसपी अभियान ख्रिस्टोफर केरकेट्टा, खूंटी एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह और खूंटी थाना प्रभारी बाबू बंशी साव समेत अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए गुप्त सूचनाएं जुटाने के साथ तकनीकी माध्यमों से भी जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ संदिग्ध लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
