बाजारटांड़ में बन रहा काल्पनिक मंदिर
दुर्गापूजा को ले शहर में एक दर्जन स्थानों में पूजा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। सभी पूजा समितियां एक से बढ़कर एक पूजा पंडाल का निर्माण करा रही हैं।
खूंटी : दुर्गापूजा को ले शहर में एक दर्जन स्थानों में पूजा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। सभी पूजा समितियां एक से बढ़कर एक पूजा पंडाल का निर्माण करा रही हैं। इसी क्रम में बाजारटांड़ में सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति की ओर से भी पूजा का आयोजन किया जा रहा है। पूजा के दौरान यहां माता रानी के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
वर्ष 1997 में स्व. कमलेश कुमार व स्व. सूर्यकांत मिश्रा के साथ मिलकर कुछ लोगों ने सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति का गठन कर पूजा का आयोजन किया था। तबसे प्रतिवर्ष बाजारटांड़ में दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है। 22 साल में पूजा का स्वरूप धीरे-धीरे बदलकर भव्य रूप लेता गया। इस वर्ष भी समिति पूजा को काफी भव्य तरीके से मनाने की तैयारी में जुटी है। पूजा पंडाल के निर्माण में लगे बंगाल के कारीगर पंडाल को काल्पनिक मंदिर का स्वरूप देने में जुटे हैं। समिति के अध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि इस बार पूजा के आयोजन में लगभग पांच लाख रुपये खर्च आने का अनुमान है। पूजा पंडाल को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। मूर्तिकार बाबूलाल जगत जननी मां दुर्गा की 14 फीट ऊंची मूर्ति का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हर वर्ष पूजा के दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। इसलिए इस बार सड़क पर गेट लाइट नहीं लगाई जाएगी, बल्कि सड़क के किनारे 30 रोड लाइट लगाई जाएंगी। हालांकि, पंडाल में आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा का ध्यान रखना हमारी प्राथमिकता में है।