धरती आबा को नमन करने उलिहातू पहुंचे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, भगवान बिरसा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
Jharkhand News झारखंड के नए राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन अपनी पत्नी एवं सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री डा. एल मुरूगन के साथ शनिवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को नमन करने उनकी जन्मस्थली उलिहातू पहुंचे।
खूंटी, जागरण संवाददाता: झारखंड के नए राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन अपनी पत्नी एवं सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री डा. एल मुरूगन के साथ शनिवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को नमन करने उनकी जन्मस्थली उलिहातू पहुंचे।
दोपहर के लगभग 1:45 बजे हेलीकॉप्टर से उलिहातू पहुंचने के बाद राज्यपाल सीधे बिरसा की जन्मस्थली बिरसा ओड़ा गए और वहां बिरसा की प्रतिमा पर पूजन अर्चन कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद बिरसा के वंशज सुखराम मुंडा सहित अन्य सदस्यों से वहां मुलाकात भी की।
राजयपाल ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया
बिरसा ओड़ा में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राज्यपाल वहां से कुछ दूरी पर अवस्थित बिरसा कॉम्पलेक्स गए और भगवान बिरसा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
मौके पर पत्रकारों से संक्षिप्त बात करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आजादी के लिए महज 25 वर्ष की आयु में ही अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले बिरसा मुंडा जैसे महान बलिदानियों के कारण ही आज हम आजाद हैं।
राज्यपाल ने कहा कि यह मेरा पहला अनुभव है, यहां के लोग काफी सीधे हैं। हम उनके लिए सब कुछ करेंगे। इसके पूर्व उलिहातू पहुंचने पर राज्यपाल को जिला प्रशासन के द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
पारंपरिक रीति-रिवाज से राज्यपाल का किया गया स्वागत
मौके पर बिरसा मुंडा के वंशजों एवं सखी मंडल की दीदियों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज से राज्यपाल सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया। राज्यपाल के आगमन को लेकर बिरसा ओड़ा और बिरसा कॉम्पलेक्स की साज-सज्जा फूलों से की गई थी।
राज्यपाल के स्वागत के लिए ग्रामीण भी उत्साहित रहे। दूसरी ओर राज्यपाल के उलिहातु आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। उलिहातू के साथ ही आसपास क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी।
उपायुक्त शशि रंजन और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार की अगुवाई में जिला के अन्य पुलिस प्रशासनिक अधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन करते नजर आए। लगभग एक घंटे तक उलिहातू में रहने के बाद राज्यपाल हेलीकॉप्टर से वापस रांची लौट गए।
झारखंड में अब तक के राज्यपाल और उनका कार्यकाल
प्रभात कुमार – 15 नवंबर से 3 फरवरी 2002
वीसी पांडेय – 04 फरवरी से 14 जुलाई 2002 (अतिरिक्त प्रभार)
एम. रामा जोइस – 15 जुलाई 2002 से 11 जून 2003
वेद मारवाह – 12 जून 2003 से 9 दिसंबर 2004
सैयद शिब्ते रजी – 10 दिसंबर 2004 से 23 जुलाई 2009
के. शंकरनारायण – 26 जुलाई 2009 से 21 जनवरी 2010
एम.ओ.एच फारूक – 22 जनवरी 2010 से 3 सितंबर 2011
डा. सैयद अहमद – 4 सितंबर 2011 से 17 मई 2015
द्रौपदी मुर्मू – 18 मई 2015 से 13 जुलाई 2021
रमेश बैस – 14 जुलाई, 2021 से 17 फरवरी 2023