सांस्कृतिक कार्यक्रमों व खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
संवाद सहयोगी खूंटी महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा संचालित तेजस्विनी परियोजन
संवाद सहयोगी, खूंटी : महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा संचालित तेजस्विनी परियोजना अन्तर्गत कलस्टर स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन रविवार को इंदीपीड़ी खेल मैदान में किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी हेमंत सती बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत किशोरियों द्वारा स्वागतगान एवं भगवान बिरसा मुंडा की फोटो पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद फुटबॉल मैच आरंभ हुआ। मैच में गुल्लू एवं जाते क्लब विजेता हुए। इसके साथ ही मुख्य अतिथि ने पेड बैंक का उद्घाटन किया और कई दिव्यांगजनों के बीच व्हील चेयर व ट्राईसाइकिल का वितरण किया।
कार्यक्रम में क्लब की किशोरियों द्वारा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मौके पर मुख्य अतिथि ने तेजस्विनी क्लबों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि किशोरियां खेल के माध्यम से सामाजिक उत्साह और समरसता को बढ़ावा देने का कार्य कर रही हैं। साथ ही क्लबों द्वारा अपने हुनर को निखारकर आत्मनिर्भर हो रही हैं और सामाजिक भागीदारी भी सुनिश्चित कर रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप भगत, जिला परिषद अध्यक्ष जुनिका गुड़िया एवं उपाध्यक्ष श्याम सुंदर कच्छप, मुरहू थाना प्रभारी पप्पू शर्मा, तेजस्विनी परियोजना के सभी कर्मी एवं सेविका क्लब की किशोरियां एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
---
-दो सौ गरीबों के बीच किया गया कंबल का वितरण
संवाद सूत्र, कर्रा : वनवासी कल्याण समिति के सौजन्य से कर्रा प्रखंड अंतर्गत हुटुप गांव में रविवार को निश्शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दर्जनों ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें दवा भी दी गई।
इस दौरान मुख्य अतिथि तोरपा विधायक कोचे मुंडा की उपस्थिति में दो सौ गरीबों और जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। मौके पर विधायक ने कहा कि वनवासी कल्याण समिति गांव के आदिवासियों, वनवासियों के हित में बेहतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति को हर हाल में बचाकर रखना है। वनवासी कल्याण केंद्र जनजातियों के कल्याण के लिए लगातार कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है। मौके पर मंडल अध्यक्ष प्रणय दत्त, मुसाफिर विश्वकर्मा, देवेंद्र सिंह व सुजीत गुप्ता आदि मौजूद थे।