Lockdown Update: खूंटी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गरीब व असहाय लोगों के बीच बांटी खाद्य सामग्री
स्थानीय विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा के निर्देश पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में निर्धन लोगों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
खूंटी, जासं। लॉकडाउन के दौरान कोई भी भूखा न रहने पाए इसे लेकर भाजपा की ओर से लगातार पिछले 10 दिनों से खाद्य सामग्री का वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को स्थानीय विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा के निर्देश पर जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में निर्धन लोगों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान लगभग तीन हजार जरूरतमंद लोगों को चावल, आलू व नमक का वितरण किया गया।
लोगों की सेवा में जुटे सभी कार्यकर्ता
भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो ने बताया कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि लॉकडाउन की अवधि में इस बात का पूरा ध्यान रखा जाए कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति भूखा न रहने पाए। उन्होंने कहा कि हमारा पूरा प्रयास है कि इस दुख की घड़ी में जनता को किसी प्रकार का कष्ट न होने पाए। पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को इस कार्य में लगा दिया गया है और बूथ स्तर तक इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है।