विभिन्न राज्यों व जिलों से खूंटी लाए गए 178 प्रवासी
लॉकडाउन के दौरान अन्य राज्यों व जिलों में फंसे लोगों को जिले में वापस लाने का कार्य निरंतर जारी है। इसी क्रम में गत गुरुवार की रात एवं शुक्रवार को अपराह्न गुजरात जम्मू कश्मीर हरियाणा गोवा तमिलनाडु महाराष्ट्र नई दिल्ली पश्चिम बंगाल उत्तर प्रदेश बिहार एवं झारखंड के विभिन्न जिलों में फंसे खूंटी जिले के 178 प्रवासी महिला-पुरुष अपने गृह जिला खूंटी पहुंचे।
खूंटी : लॉकडाउन के दौरान अन्य राज्यों व जिलों में फंसे लोगों को जिले में वापस लाने का कार्य निरंतर जारी है। इसी क्रम में गत गुरुवार की रात एवं शुक्रवार को अपराह्न गुजरात, जम्मू कश्मीर, हरियाणा, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, नई दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार एवं झारखंड के विभिन्न जिलों में फंसे खूंटी जिले के 178 प्रवासी महिला-पुरुष अपने गृह जिला खूंटी पहुंचे।
सभी प्रवासियों की बिरसा कॉलेज स्टेडियम, खूंटी में स्थापित अस्थायी कैंप में प्रखंडवार लगाए गए टेबलों पर थर्मल स्क्रीनिग व स्वास्थ्य जांच की गई। थर्मल स्क्रीनिग व स्वास्थ्य परीक्षण के बाद रेड जोन से आए 73 प्रवासियों को सरकारी क्वारंटाइन के लिए भेजा गया। वहीं, ग्रीन व ऑरेंज जोन से आए 105 महिला-पुरुष प्रवासियों को होम क्वारंटाइन के लिए भेजा गया। मौके पर उपायुक्त सूरज कुमार ने सभी प्रवासियों को 28 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसके उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर सभी प्रवासियों को कोविड-19 से बचाव व संक्रमण के फैलाव की रोकथाम के लिए होम क्वारंटाइन के दौरान बरती जाने वाली विशेष सावधानियों से अवगत कराया गया।