जिले में मिले 13 संक्रमित, शहर के पांच
सोमवार को जिले में कोरोना विस्फोट हुआ। एक ही दिन में जिला से सर्वाधिक 13 कोरोन संक्रमित मरीज मिले।
खूंटी : सोमवार को जिले में कोरोना विस्फोट हुआ। एक ही दिन में जिला से सर्वाधिक 13 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए। इनमें शहर के विभिन्न मोहल्लों में रहने वाले 5 लोग भी शामिल हैं। इनमें तीन लोग माइक्रो बैंक में साथ काम करते हैं। वहीं, खूंटी प्रखंड का एक कर्मी भी पॉजिटिव निकला है। जबकि, कर्रा प्रखंड के एक ही परिवार के 3 सदस्य शामिल हैं। इसमें एक दंपती और उसका एक बच्चा है। इसके अतिरिक्त लुधियाना पंजाब से आई खूंटी प्रखंड के एक 19 वर्षीया युवती, तोरपा के एक नामी कपड़ा दुकान का 43 वर्षीय मालिक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। सभी संक्रमित मरीजों को एरेंडा स्थित डेडीकेटेड अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। साथ ही उनके संपर्क में आए परिजनों को भी कोविड सेंटर में आइसोलेट किया गया है। इसके अतिरिक्त राची के एक बड़े अस्पताल में कार्यरत खूंटी प्रखंड की एक 26 वर्षीय महिला और तोरपा प्रखंड की एक 29 वर्षीय महिला भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। उक्त दोनों महिलाओं के स्वाब सैंपल की जाच राची में ही हुई थी। सोमवार को दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर दोनों को इलाज के लिए उसी अस्पताल में भर्ती किया गया। इसे मिलाकर अब जिला में कुल संक्रमितों की संख्या 62 हो गई है।
---
चार संक्रमित हुए स्वस्थ
खूंटी डेडीकेटेड कोविड अस्पताल में भर्ती चार संक्रमित सोमवार को स्वस्थ हो गये। शाम में इन चारों की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें कोविड अस्पताल से सम्मानपूर्वक विदाई दे दी गई। स्वस्थ होने वाले मरीजों में दो शहर के, एक डोडमा का और एक रनिया प्रखंड का है। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने दी। इन्हें मिलाकर अब तक 40 संक्रमित कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। अब जिला में 20 सक्रिय मरीज हैं।