प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी विवाहिता, पति ने भी साथ रखने से किया इन्कार
महिला और उसके प्रेमी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वे एक-दूसरे से प्यार करते हैं। अपनी मर्जी से घर छोड़कर भागे थे। महिला ने भी अपने प्रेमी के साथ ही रहने की बात कही।
संवाद सहयोगी, मेहरमा (गोड्डा)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ककरघट गांव से फरार पूजा देवी व उसका प्रेमी अरविंद साह गुरुवार को मेहरमा थाना पहुंचे। दोनों ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वे एक-दूसरे से प्यार करते हैं। अपनी मर्जी से घर छोड़कर भागे थे। महिला ने भी अपने प्रेमी के साथ ही रहने की बात कही।
इस संबंध में महिला के पति पंकज कुमार ठाकुर ने पत्नी के मायके के अरविंद कुमार साह पर पत्नी को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए बीते 21 मई को थाना में आवेदन दिया था। इसके बाद से मेहरमा थाना प्रभारी जैनुल आबेदीन द्वारा आरोपित अरविंद के परिजनों पर महिला की बरामदगी के लिए दबाव बनाया जा रहा था। बताया जाता है कि महिला अपने प्रेमी के साथ मुंबई चली गई थी।
उधर, महिला के मायके वाले किसी भी कीमत पर अपनी बेटी को प्रेमी के साथ नहीं रहने देना चाहते हैं। उनका कहना है कि गांव में ही अपनी बेटी को दूसरे के साथ रहते कैसे देख सकता हैं। महिला के पति पंकज कुमार ठाकुर ने भी अब महिला को अपने साथ रखने से इन्कार कर दिया है।
गौरतलब है कि ललमटिया थाना क्षेत्र के थाना भिंदरी गांव की पूजा की शादी बीते वर्ष 30 जून को मेहरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ककरघट गांव के पंकज कुमार ठाकुर के साथ हुई थी। हालांकि महिला का प्रेम प्रसंग काफी दिनों से अपने गांव के ही अरविंद साह के साथ चल रहा था। शादी के बाद महिला अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी।