ठग गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार
दोनों ठग सोने और चांदी के आभूषण चमकाने के नाम पर लोगों को ठगने की फिराक में थे। पुलिस के मुताबिक ठगी के दोनों आरोपित बाइक पर सवार होकर फेरी करते हुए राजबाड़ी इलाके के सुरेश ठाकुर के घर पहुंचे।
मिहिजाम (जामताड़ा) : गुरुवार दोपहर मिहिजाम थाना क्षेत्र के राजबाड़ी इलाके में ठगी करने के आरोप में लोगों ने दो व्यक्तियों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। इनमें पवन कुमार साह व प्रशांत शर्मा है। दोनों ठग सोने और चांदी के आभूषण चमकाने के नाम पर लोगों को ठगने की फिराक में थे। पुलिस के मुताबिक ठगी के दोनों आरोपित बाइक पर सवार होकर फेरी करते हुए राजबाड़ी इलाके के सुरेश ठाकुर के घर पहुंचे। घर की गृहणियों ने आभूषण चमकाने के लिए कान की बाली दी। उसे इन लोगों ने एक सफेद पाउडर वाले प्लास्टिक के पैकेट में डाल कर पानी लाने को कहा। इसके बाद गृहणियों को कहा कि जब हम चले जाएं तब पांच मिनट बाद खोलना है। इसी पर घर के लोगों को शक हुआ। उसके बाद बहस होने लगी। इस दौरान ये लोग घबरा कर भागने लगे। शोर करने पर आसपास के लोग भी जमा हो कर दोनों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना प्रभारी रोशन कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोग कभी अपना पता भागलपुर, बिहार बता रहे हैं तो कभी गोड्डा, झारखंड। दोनों का आधार कार्ड नंबर एक ही है। नाम अलग- अलग है। दोनों ने अपना नाम पवन कुमार साह व प्रशांत शर्मा बताया हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। संभावना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य जिले के कई इलाकों में फैले हैं और लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं।