जामताड़ा से खूबलाल की बाइक बरामद
खूबलाल पंडित की हत्या के बाद से गायब उसकी बाइक रविवार को जामताड़ा रेलवे स्टेशन के समीप से बरामद की गई।
करमाटांड़ (जामताड़ा) : करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिपरासोल गांव के खूबलाल पंडित की हत्या के बाद से गायब उसकी बाइक रविवार को जामताड़ा रेलवे स्टेशन के समीप से बरामद की गई। बता दें कि शिबू सोरेन के आंदोलन के साथी रहे झगड़ू पंडित के पुत्र खूबलाल पंडित की हत्या बुधवार की रात कर दी गई थी। हत्या के बाद से ही खूबलाल की बाइक व मोबाइल भी गायब था। अभी तक पुलिस किसी आरोपित या अपराधी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। हालांकि पुलिस अपराधी की पहचान कर चुकी है। हालांकि अनुसंधान प्रभावित होने की वजह से उसके नाम का खुलासा नहीं किया जा रहा है। पुलिस आरोपितों की तलाश में कई संदिग्ध से पूछताछ कर रही है। पुलिस दावा कर रही ैहै कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपित क्षेत्र से बाहर है। उसे ढूंढा जा रहा है। खूबलाल की हत्या महाजनी से जोड़ी जा रही है।
सनद रहे कि खूबलाल पंडित चितरा कोलियरी के कर्मी थे। दिसंबर 2014 में सेवानिवृत्त होने के बाद वे महाजनी करने लगे थे। काफी पैसा क्षेत्र के ग्रामीणों को सूद पर दे रखा था। थाना प्रभारी भास्कर झा ने बताया कि पुलिस अपराधियों की तलाश लगातार कर रही है। कई जगह पर छापेमारी भी कई जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपित को चिह्नित कर लिया गया है।