वीवी पैट से मिलेगी मतदान की जानकारी
वीवीपैड से मिलेगी वोटिंग की जानकारी
नारायणपुर (जामताड़ा) : बुधवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव व अंचलाधिकारी केदारनाथ सिंह ने लोगों को वीवी पैट की जानकारी दी। बीडीओ व सीओ ने उपस्थित लोगों को बताया कि चुनाव में बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट के साथ वीवी पैट का प्रयोग होता है। वीवी पैट से मतदाता यह जान पाते है कि वह जिसे वोट देना चाहते थे वह उस प्रत्याशी को गया है अथवा नहीं। वीवी पैट में सात सेकेंड तक मतदान के बाद पर्ची दिखाई देता है जिसे देखकर वोटर संतुष्ट हो सकते हैं। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव में विभिन्न तरह की भ्रांतियां फैलाई जाती है जो सरासर गलत होती है। मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष व पारदर्शी होती है इसे और सफल बनाने के लिए अब ईवीएम से वीवी पैट को जोड़ा गया है। गत लोकसभा चुनाव में सफलतापूर्वक वीवी पैट का प्रयोग किया गया था और इससे मतदान की विश्वसनीयता भी बढ़ी है। अधिकारियों ने कहा कि प्रखंड कार्यालय को 13 वीवी पैट मशीन उपलब्ध करवाई गई है जिसे बारी-बारी से लोगों के समक्ष प्रस्तुत कर जानकारी दी जाएगी। बताते चलें कि प्रखंड के कुल 145 मतदान केंद्रों पर विधानसभा चुनाव होना है। इस निमित्त आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है जिसमें वीवी पैट की जानकारी भी प्रमुख है। इस अवसर पर अंचल कार्यालय के प्रधान सहायक जितेंद्र कुमार सिंह, सीआई मंटू बेसरा, तापस लायक, प्रदीप सिन्हा, राजेश झा, मोहम्मद नौशाद, रूपेश पोद्दार, विक्की पांडेय, गिरजा सिंह आदि उपस्थित थे।