नगर पंचायत कमेटी मुहैया करवा रही खाद्यान्न
जामताड़ा नगर पंचायत ने इस लॉकडाउन अवधि में गरीबों के बीच भोजन की किल्लत दूर करने को खाद्यान्न उपलब्ध करवाने की पहल की है।
जामताड़ा : जामताड़ा नगर पंचायत ने इस लॉकडाउन अवधि में गरीबों के बीच भोजन की किल्लत दूर करने को खाद्यान्न उपलब्ध करवाने की पहल की है। नपं अध्यक्ष रीना कुमारी ने इसके लिए एक कमेटी गठन कर अलग-अलग वार्डो में खाद्य सामग्री वितरण करवाया। इस दौरान शारीरिक दूरी बनाए रखने की भी सलाह कमेटी के सदस्यों व लाभुकों को दी गई है।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर 15 अंतर्गत कुछ गरीब लोगों के बीच में कच्चे अनाज का वितरण पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल आदि ने किया। रविवार को लगभग सभी वार्ड को मिलाकर 800 पैकेट कच्चा अनाज का वितरण गरीबों के बीच किया गया। नगर पंचायत के इस कार्य से गरीब लोग काफी उत्साहित दिखे। नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी ने कहा कि इस दुख की घड़ी में नगर पंचायत शहर वासियों के साथ खड़ी है। अध्यक्ष ने यह भी बताया कि शहर में विशेष साफ-सफाई, सैनिटाइज, मच्छर रोधी दवा का छिड़काव, फागिग मशीन के माध्यम से किया जा रहा है। ब्लीचिग पाउडर, चूना, कीटनाशक दवाइयां भी गली की नाली व जलजमाव वाले जगहों में छिड़काव कराया जा रहा है। इन सभी कार्यों के साथ-साथ नगर पंचायत समाजसेवियों को साथ लेकर गरीबों के बीच में हर सहायता जैसे ग्लब्स, मास्क आदि का भी वितरण करेगी। शहरवासियों को इस वैश्विक महामारी कोरोना का किसी तरह का प्रतिकूल असर नहीं पड़ने दिया जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत कटिबद्ध है।