Move to Jagran APP

कांग्रेस ने दिया विकास का नारा, भाजपा को बताया नकारा

कांग्रेस की आक्रोश रैली में भाजपा के खिलाफ हुंकार

By JagranEdited By: Published: Tue, 22 Oct 2019 08:09 PM (IST)Updated: Wed, 23 Oct 2019 06:30 AM (IST)
कांग्रेस ने दिया विकास का नारा, भाजपा को बताया नकारा
कांग्रेस ने दिया विकास का नारा, भाजपा को बताया नकारा

जामताड़ा : मंगलवार को जामताड़ा रानीगंज मैदान पहुंचे कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ हुंकार भरते हुए विधान सभा चुनाव में रघुवर सरकार को परास्त करने का आह्वान किया। मौका था कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रमंडलीय जन आक्रोश रैली का। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यदि छत्तीसगढ़ की भांति ही झारखंड में भी विकास चाहते हैं तो भाजपा सरकार को हटाने के लिए तत्पर हो जाय। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों ने भी पंद्रह वर्ष तक भाजपा सरकार को देखा। इस सरकार ने केवल कमीशनखोरी व भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया लेकिन जनहित में एक भी कार्य नहीं हुए। नतीजा सामने हैं जनता ने इस पंद्रह वर्ष तक चलने वाली सरकार को 15 सीटों में समेट दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर राज्य में कुपोषित योजना आरंभ कर कुपोषित बच्चों व माताओं को निश्शुल्क भोजन व इलाज किया जा रहा है। झारखंड के साथ ही छत्तीसगढ़ का भी निर्माण हुआ लेकिन दोनों में फर्क आसानी से देखा जा सकता है। सीएम ने कहा कि आज झारखंड की रघुवर सरकार योजनाओं के नाम पर भूमि अधिग्रहण कर रही है और योजना आरंभ नहीं होने के बाद भी जमीन वापस करने को तैयार नहीं है। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे रोजी-रोटी की तलाश में झारखंड आए थे, लोगों ने जब गले लगाया तो अब गाली-गलौज दे रहे हैं।

loksabha election banner

इससे पहले पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बड़बोलेपन से जनता त्राहिमाम कर रही है। जनता को भाषण और आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। उन्होंने भाजपा को एक बार पुन: परास्त कर दांत खट्टे करने का आह्वान किया।

पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि रघुवर सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश है। अब इसे उखाड़ फेंकना है और गठबंधन की सरकार बनी तो रघुवर दास को जेल भेजने की बात कही। उन्होंने कहा कि आज जहां 50 लाख का काम है वहां पांच करोड़ की योजना बनाकर बंदरबांट की जा रही है। झारखंड की सारी नौकरियां व नियुक्तियां बेच दी गई और स्थानीय युवा बेरोजगार रह गए।

विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रघुवर सरकार जनप्रतिनिधि नहीं बल्कि निरंकुश शासक हैं। वे जनता के कम और अधिकारियों व बिचौलिये की भाषा अधिक समझते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से कहा कि यदि हेलिकॉप्टर में सीट खाली है तो रघुवर दास को भी साथ लेते जाए। उन्होंने सरकार पर बाहरी लोगों को लाखों का वेतन देकर पोषित करने का आरोप लगाया और झारखंड के लोग भीख मांगने को मजबूर हैं।

रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि आज मुख्यमंत्री कृषि सम्मान योजना के नाम पर भी सरकार भारी अनियमितता कर रही है।

कांगेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि संथालपरगना वीरपुत्र सिद्धो-कान्हो की कर्मभूमि रही है। यही से अंग्रेजों के विरुद्ध पहली लड़ाई शुरू हुई। लेकिन रघुवर सरकार ने ऐसे पवित्र भूमि पर भी भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, भूखमरी की समस्या उत्पन्न करने से बाज नहीं आए। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि आगामी विस चुनाव में गठबंधन की सरकार बनेगी तथा छत्तीसगढ़ की भांति यहां के किसानों को भी ऋण से मुक्ति मिलेगी तथा उनके हित में फसलों का समर्थन मूल्य निर्धारित होगा।

इससे पूर्व साहेबगंज के कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा,जामताड़ा के जिला अध्यक्ष मुक्ता मंडल,पूर्व जिला अध्यक्ष प्रभु मंडल,पार्टी के जिला सचिव बीरबल अंसारी,दाउद अंसारी,महिला कांग्रेस की राष्ट्रीश् सचिव दीपिका पांडेय,अरूण दास,पूर्णिमा धर,विजय दूबे,अजीत दूबे व जामताड़ा जिला परिषद की अध्यक्षा दीपिका बेसरा ने रैली को संबोधित किया।

मौके पर झारखंड के कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह,पूर्व सांसद ददई दूबे,मन्नान मल्लिक,जरमुंडी के विधायक बादल पत्रलेख,सरफराज अहमद,रणविजय सिंह, एआईसीसी के सदस्य हरिमोहन मिश्रा,इरशादुल हक अरसी,जीवेश्वर मिश्रा,हामिद सुमन समेत अनेक कांग्रेसी उपस्थित थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.