पशुधन मित्र कार्य का करेंगे बहिष्कार
संवाद सहयोगी जामताड़ा लंबित मानदेय भुगतान व नियमितीकरण की मांग को लेकर पशुधन मित्र का
संवाद सहयोगी, जामताड़ा : लंबित मानदेय भुगतान व नियमितीकरण की मांग को लेकर पशुधन मित्र का जिला स्तरीय शिष्टमंडल सोमवार को जिला पशुपालन पदाधिकारी कार्यालय में मांग पत्र सौंपने पहुंचा। जिला पशुपालन पदाधिकारी की ओर से मांग पत्र स्वीकार नहीं करने से पशुधन मित्रों में रोष देखा गया। उन्होंने कार्य बहिष्कार का निर्णय भी लिया।
पशुधन मित्र के शिष्टमंडल सदस्य खलील अंसारी, अनवर अंसारी, अभिजीत भंडारी ने कहा कि चार सालों से पशुपालन विभाग पशुधन मित्रों से टीकाकरण, पशुधन जागरूकता, कृत्रिम गर्भाधान, पशुधन गणना आदि कार्य में सहयोग ले रहा है। लेकिन पारिश्रमिक राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। इतना ही नहीं पशुधन मित्रों को नियमितीकरण करने की दिशा में कोई भी पहल नहीं हो रही है। ऐसे में पशुधन मित्रों ने निर्णय लिया कि वर्तमान समय में पशुपालन विभाग की ओर से जिले में चल रहे पशु टीकाकरण, पशुधन का आधार पंजीकरण, पशुधन गणना में पशुधन मित्रों की सहभागिता नहीं होगी। अब पशुधन मित्र संगठन के मांगपत्र को उच्च पदाधिकारी को सौंपेंगे। पशुपालन पदाधिकारी द्वारा मांग पत्र नहीं लिए की शिकायत वरीय पदाधिकारी से की जाएगी। कहां पशुधन मित्रों का नियमितीकरण हो तथा मानदेय राशि निर्धारित हो।
बताया की पशुधन मित्रों से दो साल पहले पशुगणना का कार्य करवाया था। इसका पारिश्रमिक राशि नहीं मिल पाई है। इसी प्रकार वर्ष 2019 में एफएमडी एवं पीपीआर वैक्सीन टीकाकरण काम कराया गया था। ये राशि भी नहीं मिली। शिष्टमंडल में रतन मंडल, बालेश्वर मंडल, शमीम अंसारी, फुरकान अंसारी आदि पशुधन मित्र शामिल थे।