मेहमान ले रहे थे कॉफी का मजा, तभी मशीन में हुआ भयंकर ब्लास्ट; जामताड़ा की शादी में 6 लोग घायल
मिहिजाम में एक शादी समारोह के दौरान कॉफी मशीन में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे छह लोग घायल हो गए, ...और पढ़ें

शादी समारोह में कॉफी मशीन में जोरदार विस्फोट (AI Generated Image)
HighLights
मिहिजाम शादी समारोह में कॉफी मशीन में विस्फोट हुआ।
हादसे में एक बच्चे सहित छह लोग घायल हुए।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिली।
संवाद सहयोगी, मिहिजाम (जामताड़ा)। मिहिजाम नगर के बजरापाड़ा इलाके में बुधवार की शाम शादी समारोह के दौरान कॉफी मशीन में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक 10 वर्षीय बालक भी शामिल है।
घटना के बाद समारोह स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाके की तेज आवाज सुनकर वहां मौजूद मेहमानों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बजरापाड़ा निवासी मोहम्मद रजाक के आवास पर शादी समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान शामिल हुए थे। मेहमानों की सुविधा के लिए वहां कॉफी मशीन लगाई गई थी।
बुधवार शाम करीब आठ बजे कुछ लोग कॉफी लेने के लिए स्टॉल के पास जुटे थे। इसी दौरान अचानक मशीन तेज धमाके के साथ फट गई। विस्फोट के कारण मशीन के टुकड़े आसपास खड़े लोगों को जा लगे, जिससे छह लोग जख्मी हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी संस्कार नर्सिंग होम पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घायलों में जामताड़ा और मधुपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
इधर, कॉफी मशीन का संचालन कर रहे प्रकाश कुमार ने हादसे के पीछे हाई वोल्टेज को संभावित कारण बताया। उनका कहना है कि बिजली के वोल्टेज में अचानक बढ़ोतरी होने से मशीन में खराबी आई और वह फट गई। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।