विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड के लाखों छात्रों को 15 सितंबर तक मिलेगी पोशाक राशि, 9वीं से 12वीं तक के बच्चे के खाते में जाएगा पैसा

Published: Sun, 06 Sep 2026 05:14 PM (IST)

जामताड़ा के सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 30,058 विद्यार्थियों को 15 सितंबर तक ...और पढ़ें

जामताड़ा के 30,058 छात्र-छात्राओं को मिलेगा लाभ डीबीटी से भेजी जाएगी 1,200 रुपये की राशि।

जामताड़ा के 30,058 छात्र-छात्राओं को मिलेगा लाभ डीबीटी से भेजी जाएगी 1,200 रुपये की राशि।

HighLights

  1. जामताड़ा के 30,058 छात्रों को मिलेगा पोशाक का लाभ।

  2. प्रत्येक छात्र को डीबीटी से मिलेंगे 1,200 रुपये।

  3. राशि 15 सितंबर तक बैंक खातों में भेजी जाएगी।

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा नौवीं से 12वीं तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पोशाक के लिए मिलने वाली राशि 15 सितंबर तक उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत विद्यार्थियों को यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य निदेशक शशि रंजन ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किया है। निर्देश में कहा है कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप विद्यार्थियों की सूची पीएफएमएस पोर्टल पर अपलोड कर राज्य कार्यालय के डीबीटी सेल से समन्वय स्थापित किया जाए।

इसके बाद 15 सितंबर तक विद्यार्थियों के बैंक खातों में पोशाक की राशि पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। डीबीटी के बाद विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राशि से पोशाक खरीदने के लिए भी प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया है।

जिले में 30,058 विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जामताड़ा जिले में कक्षा नौवीं के 10,887, कक्षा 10वीं के 9,276, कक्षा 11वीं के 4,987 और कक्षा 12वीं के 4,908 विद्यार्थी इस योजना के लिए निर्धारित हैं। इस तरह जिले के कुल 30,058 विद्यार्थियों को पोशाक राशि का लाभ मिलेगा।

प्रति विद्यार्थी 1,200 रुपये

प्रत्येक विद्यार्थी को दो सेट पोशाक, एक स्वेटर तथा एक सेट जूता-मोजा उपलब्ध कराने के लिए 1,200 रुपये प्रति विद्यार्थी निर्धारित किए गए हैं। हालांकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों को इस आंकड़े में शामिल नहीं किया गया है।

इन विद्यालयों को पोशाक की राशि अलग से उपलब्ध कराई जाती है।
परिषद ने संबंधित अधिकारियों को समय पर डीबीटी सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राशि के उचित उपयोग के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया है।