त्योहारी सीजन में पूर्व रेलवे चलाएगा 10 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, 2 का जामताड़ा में होगा स्टॉपेज
पूर्व रेलवे ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 10 जोड़ी पूजा स्पेशल ...और पढ़ें

सांकेतिक फोटो
HighLights
पूर्व रेलवे ने 10 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें शुरू कीं।
दुर्गापूजा, दीपावली, छठ के लिए अतिरिक्त भीड़ को संभाला जाएगा।
जामताड़ा स्टेशन पर दो जोड़ी ट्रेनों का ठहराव होगा।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने विभिन्न मार्गों पर 10 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनमें जामताड़ा स्टेशन पर दो जोड़ी ट्रेनों का ठहराव होगा। इससे बिहार और उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
हावड़ा-रक्सौल की दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें क्रमश गुरुवार और शनिवार को चलेंगी। दोनों ट्रेनों का चित्तरंजन, मधुपुर व जसीडीह के साथ अन्य प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। सियालदह-पटना पूजा स्पेशल प्रत्येक मंगलवार चलेगी, जबकि सियालदह-सीतामढ़ी प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी।
दोनों ट्रेनों का भी चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में ठहराव रहेगा। सियालदह-गोरखपुर पूजा स्पेशल मंगलवार व गुरुवार को चलेगी। वहीं कोलकाता-मधुबनी के लिए मंगलवार तथा शुक्रवार को अलग-अलग स्पेशल ट्रेनें संचालित होंगी।
जामताड़ा के यात्रियों के लिए खास तौर पर आसनसोल-पटना पूजा स्पेशल (03511/03512) महत्वपूर्ण है। यह प्रत्येक रविवार 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक चलेगी और दोनों दिशाओं में चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर व जसीडीह में रुकेगी।
इसी तरह आसनसोल-गोरखपुर पूजा स्पेशल (03527/03528) प्रत्येक शुक्रवार-शनिवार चलेगी। इसका भी दोनों दिशाओं में जामताड़ा स्टेशन पर ठहराव रहेगा।
इसके अलावा मालदा टाउन-दीघा पूजा स्पेशल (03465/03466) प्रत्येक शनिवार-रविवार चलेगी। इसका ठहराव पाकुड़, रामपुरहाट, बोलपुर शांतिनिकेतन, बर्द्धमान समेत कई स्टेशनों पर होगा। सभी स्पेशल ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और वातानुकूलित कोच की सुविधा रहेगी।
यह भी पढ़ें- भागलपुर-दिल्ली स्पेशल का सासाराम-डेहरी समेत 5 स्टेशनों पर ठहराव, 10 अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलेगी स्पेशल ट्रेन
