स्वास्थ्य, शिक्षा व सिचाई सुविधा होगी दुरुस्त
विस अध्यक्ष ने सिटीजन फाउंडेशन के निदेशक सुवेंद्र झा से कहा कि झारखंड सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए संस्था के साथ इकरारनामा की है।
बिदापाथर (जामताड़ा) : विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने शुक्रवार को बिदापाथर थाना क्षेत्र के गेड़िया गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पीपीपी मोड (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग व संस्था सिटीजन फाउंडेशन संयुक्त रूप से गेड़िया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन करेगी। झारखंड राज्य में विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को इलाज के लिए आसनसोल या सिउड़ी जाना पड़ता है।
जब बिहार से झारखंड राज्य अलग हुआ था तब मेडिकल कॉलेज की कमी के कारण जरूरत के हिसाब से डॉक्टर और न स्वास्थ्यकर्मी नहीं मिल सके। अब सरकार लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, किसानों के लिए सिचाई व शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रयासरत है। आने वाले समय में लोगों के लिए सभी सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त होगी।
शीघ्र मिलेगी 24 घंटे की चिकित्सा सुविधा : विस अध्यक्ष ने सिटीजन फाउंडेशन के निदेशक सुवेंद्र झा से कहा कि झारखंड सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए संस्था के साथ इकरारनामा की है। इसके तहत मिले दायित्व का पूर्ण रूप से निर्वहन करें। सरकार व संस्था के साथ हुए इकरारनामा, सभी डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी की सूची व कार्य का ब्योरा केंद्र की दीवार पर लिखा होना चाहिए, ताकि जनता को जानकारी मिल सके कि स्वास्थ्य केंद्र से कौन-कौन सुविधा उपलब्ध है। कुछ समय बाद लोगों को गेड़िया में 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।
अभी लोगों को मिलेगी ओपीडी की सेवा : सिविल सर्जन डॉ. आशा एक्का ने कहा कि सिटीजन फाउंडेशन के साथ इकरारनामा के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से दवाइयां व अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी जबकि संस्था की ओर से स्वास्थ्य केंद्र का संचालन किया जाएगा। फाउंडेशन के निदेशक सुवेंद्र कुमार झा ने कहा कि झारखंड सरकार के साथ इकरारनामा के अनुसार सिटीजन फाउंडेशन की ओर से 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीपीपी मोड में संचालन किया जाना है। आज गेड़िया में यह छठा उद्घाटन है। वर्तमान में गेड़िया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सिर्फ ओपीडी का संचालन किया जाएगा। फिर संसाधन के विकास होते ही सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। मौके पर नाला सीएचसी के प्रभारी चिकित्सक नदियानंद मंडल, नाला जिप सदस्य प्रतिनिधि नदियानंद सिंह, मारुति सिंह, गौर यादव, नरेश चौधरी, विधान गोस्वामी, तपन घोष, सौरभ राय, सफीक अंसारी, संस्था के एचआर अमित कुमार श्रीवास्तव, चंद्रशेखर कुमार आदि उपस्थित थे।