Train Cancelled : चक्रधरपुर मंडल समेत कई रेलखंडों में काम, दिसंबर में 14 ट्रेनें रद; जानिए किस दिन कौन सी ट्रेन नहीं चलेगी
दिसंबर में दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल और उत्तर रेलवे में चल रहे कार्यों के कारण कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुल 14 एक्सप्रेस ट्रेनें रद की गई हैं।

दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत झारसुगुड़ा यात्री यार्ड के पुनर्विकास कार्य के कारण दिसंबर में कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
HighLights
चार ट्रेनों का आंशिक परिचालन, छह के मार्ग बदले।
यात्रा से पहले रेलवे शेड्यूल की जांच करें।
जासं, जामताड़ा। यदि आप दिसंबर में लंबी दूरी की ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत झारसुगुड़ा यात्री यार्ड के पुनर्विकास कार्य के कारण दिसंबर में कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के चलते अलग-अलग तिथियों पर 14 एक्सप्रेस ट्रेनें रद रहेंगी, जबकि चार ट्रेनों का आंशिक समापन और प्रारंभ किया जाएगा।
इसके अलावा उत्तर रेलवे के विभिन्न रेलखंडों में इंटरलॉकिंग और पुल की री-गर्डरिंग के कार्य के कारण कई ट्रेनों के प्रस्थान समय और मार्ग में भी बदलाव किया गया है।
दिसंबर में रद रहने वाली 14 ट्रेनें
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 17007 चार्लापल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस 28 नवंबर, पांच, आठ और 12 दिसंबर को रद रहेगी।
17008 दरभंगा-चार्लापल्ली एक्सप्रेस एक, आठ, 11 और 15 दिसंबर को नहीं चलेगी। इसी तरह 12376 जसीडीह-तांबरम एक्सप्रेस 25 नवंबर और दो दिसंबर तथा 12375 तांबरम-जसीडीह एक्सप्रेस 28 नवंबर और पांच दिसंबर को रद रहेगी।
17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस सात और 14 दिसंबर तथा 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 10 और 17 दिसंबर को रद रहेगी।
13425 मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस पांच और 12 दिसंबर तथा 13426 सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस सात और 14 दिसंबर को नहीं चलेगी।
इसके अलावा 22843 बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 11 दिसंबर और 22844 बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस 12 दिसंबर को रद रहेगी।
17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 10 दिसंबर तथा 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 13 दिसंबर को नहीं चलेगी। वहीं, 17321 वास्को द गामा-जसीडीह एक्सप्रेस 11 दिसंबर और 17322 जसीडीह-वास्को द गामा एक्सप्रेस 14 दिसंबर को रद रहेगी।
चार ट्रेनों का आंशिक परिचालन
विकास कार्यों के चलते चार ट्रेनों को निर्धारित गंतव्य से पहले ही रोका और वहीं से चलाया जाएगा। 13288 आरा-दुर्ग एक्सप्रेस 28 नवंबर तथा चार से 15 दिसंबर तक राउरकेला स्टेशन पर आंशिक रूप से समाप्त होगी।
इस दौरान राउरकेला से दुर्ग के बीच इसका परिचालन नहीं होगा। वापसी में 13287 दुर्ग-आरा एक्सप्रेस 29 नवंबर तथा पांच से 16 दिसंबर तक राउरकेला से खुलेगी और दुर्ग से राउरकेला के बीच यह ट्रेन रद रहेगी।
इसी प्रकार 15028 गोरखपुर-संबलपुर एक्सप्रेस 30 नवंबर, छह दिसंबर तथा आठ से 15 दिसंबर तक हटिया में आंशिक रूप से समाप्त होगी।
हटिया से संबलपुर के बीच इसका परिचालन नहीं होगा। वहीं, 15027 संबलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस एक दिसंबर, सात दिसंबर तथा नौ से 16 दिसंबर तक हटिया से खुलेगी।
दो ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव
उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल में सहारनपुर-अंबाला रेलखंड के यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कोलकाता से खुलने वाली दो ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।
12325 कोलकाता-अंब अंदौरा एक्सप्रेस 10 दिसंबर को निर्धारित समय सुबह 7:40 बजे के बजाय 9:40 बजे खुलेगी। वहीं, 12357 कोलकाता-अमृतसर दुर्गियाना एक्सप्रेस 12 दिसंबर को दोपहर 12:10 बजे के बजाय 3:10 बजे प्रस्थान करेगी।
छह ट्रेनों के बदले गए मार्ग
उत्तर रेलवे में तिलक ब्रिज और साहिबाबाद स्टेशन के बीच पुल की री-गर्डरिंग के कारण छह ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
25 दिसंबर को चलने वाली 12301 हावड़ा-नई दिल्ली और 12313 सियालदह-नई दिल्ली एक्सप्रेस टुंडला, आगरा कैंट और पलवल होकर चलेंगी।
वहीं, 26 दिसंबर को चलने वाली 12274, 12302 और 12304 नई दिल्ली-हावड़ा एक्सप्रेस दिल्ली जंक्शन, दिल्ली शाहदरा और साहिबाबाद होकर चलेंगी।
इसके अलावा 12314 नई दिल्ली-सियालदह एक्सप्रेस पलवल, आगरा कैंट, भंडाई और इटावा होकर चलेगी। मार्ग परिवर्तन के दौरान इन ट्रेनों के निर्धारित ठहराव यथावत रहेंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पूर्व रेलवे के अपडेटेड शेड्यूल की जांच अवश्य कर लें।