शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में देशभक्ति की भावना से लोग ओतप्रोत दिखे
दैनिक जागरण के तिरंगा यात्रा में गुंजा ग्राम प्रधानों के राष्ट्रभक्ति नारे
शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में देशभक्ति की भावना से लोग ओतप्रोत दिखे
संवाद सहयोगी, जामताड़ा : दैनिक जागरण अभियान से प्रेरित होकर परंपरागत ग्राम प्रधान जिला इकाई ने शुक्रवार को अपर समाहर्ता सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में जामताड़ा शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। मौके पर परंपरागत ग्राम प्रधान ने वंदे मातरम, इंकलाब जिंदाबाद, भारत माता की जय समेत अन्य देश भक्ति नारे लगाए। जामताड़ा गांधी मैदान से आरंभ हुई परंपरागत ग्राम प्रधान का भव्य तिरंगा यात्रा अपर समाहर्ता की अगुवाई में सिदो-कान्हू मुर्मू चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, स्टेशन रोड, हटिया रोड, अजंता चौक होते हुए वापस गांधी मैदान पहुंची। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व अपर समाहर्ता सुरेंद्र कुमार, जामताड़ा अंचलाधिकारी मनोज कुमार अंचल सहायक निरीक्षक आशुतोष सिंह समेत संगठन के प्रतिनिधियों द्वारा किया जा रहा था। मौके पर संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा देश आजाद हुए 75 वर्ष बीत गए, लेकिन पहली बार ऐसा वातावरण मिला है जो शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में देशभक्ति की भावना से लोग ओतप्रोत दिख रहा है। भव्य तिरंगा यात्रा में परंपरागत ग्राम प्रधान के जिला व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ परंपरागत ग्राम प्रधान भी मौजूद थे। अपर समाहर्ता के नेतृत्व में परंपरागत ग्राम प्रधान संगठन के सौजन्य से संपन्न हुए भव्य तिरंगा यात्रा लोगों को देशभक्ति की भावना से प्रेरित करेगा।