विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अंतरजातीय विवाह करने पर बंद कर दिया हुक्का और पानी

By Sachin MishraEdited By:
Published: Mon, 03 Jul 2017 09:29 AM (IST)Updated: Mon, 03 Jul 2017 03:49 PM (IST)

आदिवासी समाज ने लड़की के घर के मुख्य दरवाजे पर कांटा लगाकर बाहर निकलना बंद कर दिया।

अंतरजातीय विवाह करने पर बंद कर दिया हुक्का और पानी
अंतरजातीय विवाह करने पर बंद कर दिया हुक्का और पानी

जागरण संवाददाता, नारायणपुर (जामताड़ा)। नारायणपुर थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव के दमुआडीह आदिवासी टोला में अंतरजातीय विवाह को लेकर आदिवासी समाज ने युवती के परिजनों का सामाजिक बहिष्कार करते हुए हुक्का-पानी बंद कर दिया है। इसे लेकर तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है। बताते हैं कि विवाह से आक्रोशित आदिवासी समाज ने लड़की के घर को घेर लिया एवं उसके घर के मुख्य दरवाजे पर कांटा लगाकर घर से बाहर निकलना बंद कर दिया।

इस घटना की जानकारी मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूज्य प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस गांव पहुंची। किसी तरह समाज के लोगों को समझा बुझाकर शांत किया गया। गांव में ही पुलिस कैंप कर रही है। पीडि़त युवती के भाई जागेश्वर हेम्ब्रम ने बताया कि मेरी बहन ने लखनपुर गांव के शब्बीर अंसारी के साथ शुक्रवार को भाग कर कोर्ट में शादी कर ली। पिछले तीन दिनों से वह लखनपुर गांव में शब्बीर के साथ रह रही है। इस बात को लेकर समाज के लोगों ने लड़की का सामाजिक बहिष्कार करने का दबाब उनलोगों पर दिया।

उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेवार बताकर हमारे परिवार के ऊपर 12 मन खस्सी, 12 मन चावल,,, 12 मन धान की मांग करने लगे। जब हम लोगों ने इतनी राशि देने मे असमर्थता जताई तो आदिवासी समाज के लोगों ने हमारे पूरे परिवार को घर में कैद कर दिया और जबरन उक्त मांग को मानने का दबाव देने लगे। मैं तथा हमारे परिवार के लोगों ने काफी मिन्नत किया कि हम अपनी बहन से हमेशा के लिये नाता रिश्ता समाप्त कर देंगे और उसका श्राद्ध भी कर देंगे ।

इसके बावजूद भी लेाग नहीं मानें और हमारा दाना पानी बंद करने के लिये घर का मुख्य दरवाजा जाम कर दिया। पुलिस के समझाने के बाद उक्त सभी लोग भाग गए। करीब चार घंटे तक परिजनों को घर में बंद कर दिया गया। घटना से परिजनों में भय का माहौल है। समाचार लिखें जाने तक इस संबंध में पीडि़ता के द्वारा किसी प्रकार का आवेदन पुलिस को नहीं दिया गया है। पुलिस घटना स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर कैंप कर रही है। घटना स्थल पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावा नारायणपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह,एसआइ जगत प्रसाद सिंह समेत दर्जनों पुलिस जवान डटे हैं।

यह भी पढ़ेंः कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

यह भी पढ़ेंः पढ़ाई के बीच में की शादी तो वसूला जाएगा खर्च