झंडा टांगते रहें, वोट किसी एक को ही मिलेगा
फतेहपुर (जामताड़ा) आधुनिकता के दौर में चुनाव प्रचार भी हाईटेक हो गया है। राजनीतिक दल के प्रत्याशी चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए मतदाताओं को लुभाने के लिए कई तरह के प्रयास करते हैं। इसमें प्रचार भी एक माध्यम है।
फतेहपुर (जामताड़ा) : आधुनिकता के दौर में चुनाव प्रचार भी हाईटेक हो गया है। राजनीतिक दल के प्रत्याशी चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए मतदाताओं को लुभाने के लिए कई तरह के प्रयास करते हैं। इसमें प्रचार भी एक माध्यम है। पहले चुनाव में प्रत्याशी घर-घर जाकर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील लोगों से करते थे। इसके बाद साइकिल के माध्यम से नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर मतदाताओं को रिझाने का प्रयास करते थे। फिर चुनाव प्रचार में भोंपू का प्रयोग करने लगे। इसमें व्यक्ति वाहन में चढ़कर नेता के पक्ष में प्रचार करते थे। इससे प्रचार करनेवाले व्यक्ति को रोजगार भी मिलता था। अब प्रचार हाईटेक हो गया है। लाउडस्पीकर के स्थान पर डीजे पर फिल्मी व भोजपुरी गीत की धुन पर प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया जा रहा है। इतना ही नहीं एक ही दुकान या घर पर विभिन्न प्रकार के पार्टी कपा झंडा दिखाई पड़ रहा है। जो भी राजनीतिक दल झंडा लगाने की बात करते हैं, सभी को स्वीकृति दुकानदार दे रहे हैं। ऐसे में यह समझ पाना मुश्किल हैं कि कौन किसके पक्ष में मतदान करेगा। हालांकि नेता जितना शोर मचा रहे हैं उतना ही मतदाता चुप्पी साधे हुए हैं।