यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कांग्रेस MLA डॉ. इरफान ने BJP पर कसा तंज, कहा- झारखंड को बांग्लादेशी नहीं भाजपा में हो रही घुसपैठ से है खतरा
विवादों में रहने वाले विधायक इरफान अंसारी का ये बयान भाजपा को सत्ताधारी गठबंधन पर हमला करने का मौका दे ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, जामताड़ा: झारखंड में आगामी चुनावों में बांग्लादेशी घुसपैठ एक प्रमुख मद्दा होने वाला है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा नेता लगातार मुखर दिखाई देते रहे हैं। आगामी चुनावों को लेकर भाजपा बीते एक महीने काफी सक्रिय दिखाई दे रही है। भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं द्वारा चलाया जा रहे महासंपर्क अभियान को लेकर सत्ताधारी गठबंधन भी अब सतर्क हो गया है।
अब क्या बोल गये जामताड़ा के डॉ इरफान
आये दिन विवादों में रहने वाले जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी का ये बयान भाजपा को सत्ताधारी गठबंधन पर हमला करने का मौका दे सकता है। जामताड़ा के अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे इरफान अंसारी ने बांग्लादेशी घुसपैठियों पर भाजपा के स्टैंड पर कटाक्ष करते हुए कहा कि झारखंड को बांग्लादेशियों के घुसपैठ से कोई खतरा नहीं है, बल्कि भाजपा में हो रहे बिहार और यूपी के नेताओं की घुसपैठ से खतरा है।
जामताड़ा विधायक ने कहा कि झारखंड की की राजनीति में बिहार और यूपी से आकर लोग नेता बने हुए हैं, जो कि प्रदेश के लिए लोकसभा और विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ना तो इन्हें झारखंड के बारे में कुछ पता है और ना ही झारखंडियों का भला कैसे होगा यह पता है।
राज्यपाल के जामताड़ा दौरे पर क्या बोले डॉ. इरफान
राज्यपाल के जामताड़ा आगमन के सवाल पर डॉ. इरफान ने कहा कि राज्यपाल सम्मानित पद है और उनका यहां स्वागत है। हालांकि ऐसे आयोजन किसी भी हाल में पालिटिकल नहीं होने चाहिए। ऐसे आयोजनों में सभी पार्टियों का प्रतिनिधित्व होना चाहिए।
भाजपा के केंद्रीय नेताओं के दौरे पर जामताड़ा विधायक का कटाक्ष
भाजपा के केंद्रीय नेताओं के झारखंड दौरों पर कटाक्ष करते हुए जामताड़ा विधायक ने कहा कि पता नहीं भाजपा को झारखंड से क्या मोह है। यहां भाजपा के दफ्तरों में छत्तीसगढ़, ओडिशा, यूपी और बिहार के लोग भरे पड़े हैं, जोकि लोगों के कपड़ों और शक्ल को देखकर उनका काम करते हैं। इतना ही नहीं झारखंड में 14 में से आठ सांसद बाहरी हैं, ऐसे में ये जनप्रतिनिधि लोकसभा में झारखंड के लोगों की आवाज को क्या उठाएंगे सबको पता है।
झारखंड को चारागाह नहीं बनने दूंगा: इरफान अंसारी
हेमंत सोरेन सरकार को रोजगार के नाम पर कोसने वालों से सवाल करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि ऐसे लोग उन्हें यह बताएंगे क्या, कि भाजपा भाजपा ने अपने 18 साल के कार्यकाल में कितनों को नौकरी दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की वर्तमान परिस्थिति पूरी तरह से बाहरी लोगों के नेता बनकर घुसपैठ करने पर टिकी है। सभी झारखंड की संपदा को लूटने का प्रयास कर रहे। किसी भी सूरत में झारखंड को ऐसे लोगों का चारागाह नहीं बनने देंगे।