प्रभारी एमओ प्रति क्विटल मांग रहे 20 रुपया कमीशन
संवाद सहयोगी फतेहपुर (जामताड़ा) फतेहपुर प्रखंड के प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी पर
संवाद सहयोगी, फतेहपुर (जामताड़ा): फतेहपुर प्रखंड के प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी पर अब एक जनवितरण प्रणाली के दुकानदार ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। दुकानदार ने उपायुक्त व जिला आपूर्ति पदाधिकारी को लिखित शिकायत कर एमओ पर समुचित कार्रवाई करने की मांग की है।
जन वितरण प्रणाली दुकानदार कृष्ण चंद्र महतो ने सात अप्रैल को दोनों अधिकारी को दिए आवेदन में बताया है कि छह अप्रैल को प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में एमओ राजेश कुमार ने प्रति क्विटल अनाज के एवज में 20 रुपया कमीशन की मांग कर रहे थे। डीलर ने बताया कि जब इसका विरोध किया तो प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कुर्सी से उठकर उसे धक्का देते हुए गाली-गलौज करने लगे। साथ ही धमकी देते हुए कहा कि वे दलित जाति से हैं और बर्बाद कर देंगे। आवेदन में बताया गया है कि विस अध्यक्ष को भी दूरभाष पर इस घटना की जानकारी दी गई है।
पहले भी लग चुका है आरोप : इनपर मनमानी व भ्रष्टाचार का आरोप पहले भी लग चुका है। उन्हें हटाने को लेकर आजसू के केंद्रीय सचिव माधव चंद्र महतो के नेतृत्व में 10 मार्च को एमओ पर मनमानी व भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रखंड सचिवालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया था। जबकि पांच दिसंबर को झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह विस अध्यक्ष प्रतिनिधि परेश यादव ने भी प्रभारी एमओ पर बिचौलिया के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया था। हाल में ही नाला विधायक प्रतिनिधि अरविद मुर्मू ने प्रभारी एमओ की कार्यप्रणाली पर अंगुली उठाते हुए उपायुक्त से एमओ को हटाने की मांग की है।
बताते चलें कि कुंडहित प्रखंड के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को फतेहपुर में प्रभारी एमओ के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। प्रतिनियुक्ति के बाद से ही उनके विरोध में नेताओं का आवाज उठने लगी थी। अब एक डीलर ने सीधे एमओ पर ही कमीशनखोरी का आरोप लगाया है। हालांकि एमओ ने तमाम आरोपों को साजिश करार देते हुए निराधार बताया है।