बारिश के बाद कृषि कार्य में आई तेजी
नारायणपुर (जामताड़ा) नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के चैनपुर नारायणपुर पबिया आदि क्षेत्रों
नारायणपुर (जामताड़ा) : नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के चैनपुर, नारायणपुर, पबिया आदि क्षेत्रों में धान रोपाई के कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इस क्षेत्र में अधिकांश लोगों के जीवन यापन का मुख्य जरिया कृषि ही है। इस वर्ष प्रवासी मजदूर काफी संख्या में घर लौटे हैं। इस नाते कृषि कार्य तेजी से और अधिक हो रहा है। इस वर्ष समय पर बारिश होने से बीहन डालने का कार्य धान रोपाई का कार्य समय पर हो रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष धान की रोपाई ज्यादा होने की संभावना है। कृषि विभाग द्वारा 50 फीसदी अनुदान पर बीज उपलब्ध कराया है। लच्छू राय, मोहम्मद सनाउल, हेमलाल आदि ने कहा कि इस वर्ष कृषि कार्य के लिए बिल्कुल उपयुक्त समय है। सभी खेतों में पानी लबालब है और किसान जीजान से धान की रोपाई कार्य में लग गए हैं। इस क्षेत्र में बाइद, बहियार और कनाली धान की खेती होती है। कोई हल से तो कोई ट्रैक्टर से अपने खेतों की जुताई कर उसे तैयार करने में लगे हैं।