विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव पर कांग्रेस का बड़ा एलान, पार्टी नहीं जनता तय करेगी गठबंधन का सीएम

Published: Wed, 17 Sep 2025 07:24 PM (IST)

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री कौन होगा यह जनता और विधायक तय ...और पढ़ें

पार्टी नहीं बिहार की जनता तय करेगी कौन होगा गठबंधन का सीएम। फोटो जागरण
पार्टी नहीं बिहार की जनता तय करेगी कौन होगा गठबंधन का सीएम। फोटो जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री का चेहरा जनता चुनेगी |
  2. कांग्रेस सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव |
  3. भाजपा पर वोट चोरी का आरोप |

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। जामताड़ा पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, यह कांग्रेस तय नहीं करेगी, बल्कि जनता और चुनाव बाद चुने गए विधायक तय करेंगे।

ठाकुर ने साफ कहा कि कांग्रेस सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है और जीत के बाद जनता के द्वारा चुने गए विधायक ही यह निर्णय लेंगे कि आखिर राज्य कौन चलाएगा।

राजेश ठाकुर ने जोर देकर कहा कि चुनाव में न तो सीट महत्वपूर्ण है और न ही मुख्यमंत्री का चेहरा। असली महत्वपूर्ण है जनता और जनता का किया गया फैसला।

उन्होंने कहा कि जनता मन बना चुकी है और इस बार कांग्रेस वहां न सिर्फ काफी मजबूत होगी बल्कि एक मजबूत सरकार देने का काम करेगी।

ये बातें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश प्रभारी के राजू के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने के क्रम में जामताड़ा पहुंचने पर कहीं। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार चुनाव पर पार्टी की स्थिति को स्पष्ट किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक मजबूत सरकार देने का काम करेगी। बिहार में एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि एसआईआर भी होगा और वोट चोरी भी पकड़ी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि बीएलए ही हमारे चौकीदार होंगे जो वोट चोरी के काम को पकड़ेंगे। हम गलत का विरोध करेंगे, हमारा विरोध एसआईआर का नहीं है। जो बिहार में हुआ अगर वैसा होगा तो उसका विरोध लगातार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के लिए और काबिज रहने के लिए वोट चोरी की घटना कर रही है। वहीं बिहार में शराबबंदी के मामले पर उन्होंने कहा कि अगर हमारी सरकार बनती है तो फिर जनता का मत क्या होगा, उसके अनुसार शराबबंदी को लेकर निर्णय लिया जाएगा। कहा कि शराबबंदी सिर्फ राजस्व की चोरी करने के लिए लागू किया गया है।