आसनसोल-कालूबथान रेलखंड पर 15 और 16 सितंबर को ब्लॉक, कई ट्रेनें रद; कई का बदला समय
आसनसोल मंडल में 15 और 16 सितंबर को सिग्नलिंग मेंटेनेंस कार्य के कारण कई ट्रेनें प्रभावित होंगी।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
आसनसोल मंडल में 15-16 सितंबर को सिग्नलिंग कार्य।
आसनसोल-गया और आसनसोल-बरकाकाना मेमू ट्रेनें रद।
कई ट्रेनों के समय और मार्ग में आंशिक बदलाव।
डिजिटल डेस्क, जामताड़ा। आसनसोल मंडल के मुगमा व कालूबथान स्टेशन के बीच सिग्नलिंग मेंटेनेंस कार्य को लेकर 15 व 16 सितंबर को सात घंटे का नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा।
इसके कारण इस रेलखंड से गुजरने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों को रद करने, मार्ग में आंशिक रूप से समाप्त व प्रारंभ करने तथा समय में बदलाव की घोषणा की है।
रेलवे के अनुसार 15 व 16 सितंबर को 13545/13546 आसनसोल-गया-आसनसोल एक्सप्रेस तथा 63555/63556 आसनसोल-बरकाकाना-आसनसोल मेमू का परिचालन रद रहेगा।
वहीं, 13503/13504 बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान एक्सप्रेस को 15 व 16 सितंबर को आसनसोल में ही शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में परेशानी हो सकती है।
इन ट्रेनों के समय में होगा बदलाव
15 सितंबर को 12357 कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस 60 मिनट, 13151 कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस 50 मिनट, 17008 दरभंगा-चार्लापल्ली एक्सप्रेस 90 मिनट और 13332 पटना-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस 75 मिनट विलंब से रवाना होगी। वहीं, 16 सितंबर को 13151 कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस 30 मिनट पुनर्निर्धारित की गई है।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय की जानकारी प्राप्त करने के बाद ही स्टेशन पहुंचने की अपील की है।
