ऑनलाइन प्रतियोगिता मेंअव्वल अंकित को विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित
जागरण संवाददाता जामताड़ा वैश्विक महामारी कोरोना को ले पूर्णत लॉकडाउन में रहने से
जागरण संवाददाता, जामताड़ा : वैश्विक महामारी कोरोना को ले पूर्णत: लॉकडाउन में रहने से जहां तमाम शैक्षणिक व आर्थिक गतिविधियां ठप हो जाने से छात्रों व आमजनों समेत सभी वर्ग के लोग परेशानी में थे। वही दुमका एन कॉलेज के छात्र अंकित कुमार दुबे ने विभिन्न विश्वविद्यालय व महाविद्यालय द्वारा कोरोना पर आधारित आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिता में शामिल होकर सफलता का एक नया इतिहास रच दिया। इस शानदार सफलता की खबर जब झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो को मिली तो उन्होंने शनिवार को अपने नाला प्रखंड क्षेत्र स्थित आवास पर बुलाकर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। सनद रहे कि अंकित कुमार दुबे दुमका निवासी संजीव कुमार दुबे के पुत्र हैं और दुमका एन कॉलेज में अंतिम सेमेस्टर का छात्र है। तीन महीने में अंकित कुमार दुबे ने 20 राज्य और 3 केंद्र शासित प्रदेश तथा झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, गुजरात, पंजाब, पांडिचेरी, गोवा, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश आदि के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर 250 प्रमाण पत्र प्राप्त करने का गौरव प्राप्त किया।
विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संताल परगना क्षेत्र के लिए यह बेहद ही गर्व का विषय है कि अंकित कुमार दुबे ने राष्ट्रीय एवं अंतररराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सम्मिलित होकर बेहतरीन प्रदर्शन कर इतने सारे प्रमाण पत्र हासिल किए।
इस अवसर पर डॉ शंकर पंजियारा ने कहा कि आदित्य नारायण महाविद्यालय, दुमका के लिए अंकित ने पूर्व में भी कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर महाविद्यालय के साथ विश्वविद्यालय व राष्ट्रीय सेवा योजना में नाम रोशन किया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ संजय कुमार सिंह ने अंकित कुमार दुबे के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बधाई दी व उज्ज्वल भविष्य की कामना की।