सोनी के खिलाफ कराया मुकदमा दर्ज
जामताड़ा : सोनी चौधरी उर्फ सोनी झा जहां अपने और बेटे विशाल को अधिकार दिलाने के लिए मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा तक गुहार लगा चुकी है जिसका नतीजा अबतक शून्य रहा क्योंकि सोनी जिससे अधिकार चाहती है वह कोई और नहीं सूबे के कृषिमंत्री सत्यानंद झा हैं। मंत्री जी की पहुंच और पावर के आगे अबतक एक महिला को उसका हक नहीं मिल पाया, तमाम घटनाक्रम से गुजरते हुए सोनी देवी अब रांची पहुंचकर अपनी लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाना चाहती हैं।
दूसरी तरफ शुक्रवार को सोनी-बाटुल प्रकरण में कुछ नए किरदार जुड़े, जिन्होंने जामताड़ा अदालत में मुकदमा दायर कर सोनी देवी के ऊपर तमाम आरोप लगाए। कृषि मंत्री के ज्येष्ठ पुत्र ब्रज किशोर झा ने शुक्रवार को एसीजेएम व पति भूपेन चौधरी ने प्रथम न्यायिक दंडाधिकारी एसएन त्रिपाठी की अदालत में सोनी देवी व उसके भाई संतोष चौधरी पर मुकदमा दायर किया।
ब्रज किशोर झा ने सोनी देवी व उसके भाई पर 15 से 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने की धमकी देने व नहीं देने के स्थिति में झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है।
इधर भूपेन चौधरी ने कोर्ट में स्वयं को सोनी देवी का पति होने का प्रमाण देते हुए मुख्य रूप से संतोष चौधरी को आरोपी ठहराया है। भूपेन ने कहा कि संतोष पैसे के लालच में मेरी पत्नी को बरगला कर नाजायज तरीके से मंत्री पर दबाव बना रहा है।
कहा कि मेरे बेटे का नाम विक्रम चौधरी है जिसे फर्जी प्रमाण पत्र के जरिए विशाल झा बताया जा रहा है। भूपेन ने अपनी बात को सच साबित करने के लिए बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र व आंगनबाड़ी केन्द्र के दस्तावेज शामिल किए हैं। ब्रज किशोर झा ने भी कहा है कि विशाल झा के नाम से बच्चे का जाली प्रमाण पत्र देवघर नगर पंचायत से बनवाया गया है। भूपेन ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि सोनी देवी मेरी इजाजत के बिना ही भाई के बहकावे में आकर अनर्गल कार्य कर रही है। किशोर ने बीते वर्ष से ही मामले का जिक्र करते हुए बार-बार धमकी देने व पैसे की मांग का आरोप लगाया है।
बाटुल की डीएनए जांच हो फिर कार्रवाई : राजेंद्र
जागरण कार्यालय, गिरिडीह : झारखंड विधानसभा प्रतिपक्ष के नेता सह इंटक के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र सिंह ने शुक्रवार को गिरिडीह के नये परिसदन भवन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कृषि मंत्री सत्यानंद झा से राज्य सरकार इस्तीफा लेकर अपनी छवि बचाना चाहती है, लेकिन वे इसके पक्ष में नहीं है। उनका मानना है कि पहले बाटुल का डीएनए टेस्ट हो, इसके बाद दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर