ऊर्जा बचत के लिए 32 लाभुकों को मिला सोलर लालटेन
मुरलीपहाड़ी (जामताड़ा) वन क्षेत्र कार्यालय नारायणपुर में जलवायु अनुकूलन योजना के तहत कुम्हरगढि़या व मतूवाडीह ग्राम के 32 ग्रामीणों के बीच सोलर लालटेन का वितरण वन विभाग ने किया। वन क्षेत्र पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने लाभुकों को सोलर लालटेन अपने हाथों से दिया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन विभाग के सर्वे के अनुसार यह क्षेत्र अल्प वृष्टि की मार बरसों से झेल रहा है।
मुरलीपहाड़ी (जामताड़ा) : वन क्षेत्र कार्यालय नारायणपुर में जलवायु अनुकूलन योजना के तहत कुम्हरगढि़या व मतूवाडीह ग्राम के 32 ग्रामीणों के बीच सोलर लालटेन का वितरण वन विभाग ने किया। वन क्षेत्र पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने लाभुकों को सोलर लालटेन अपने हाथों से दिया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन विभाग के सर्वे के अनुसार यह क्षेत्र अल्प वृष्टि की मार बरसों से झेल रहा है। इस क्षेत्र में सरकार की विशेष योजना के तहत जलसंरक्षण व पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य इन दिनों किए जा रहे हैं। उसी योजना के निमित मंगलवार को ग्रामीणों को सोलर लालटेन उपलब्ध कराया गया है। सभी इसका सदुपयोग करें।
कहा कि आज जिस प्रकार बिजली की कमी से ग्रामीण इलाके में समस्या उत्पन्न होती है। कभी लोगों को 24 घंटे बिजली नहीं मिल पाती है। इसे ध्यान में रखते हुए ऊर्जा की बचत जरूरी है। अब समाज के हर वर्ग के लोगों को ऊर्जा की बचत पर भी ध्यान देना होगा। वन विभाग ने इस दिशा में सभी को सहयोग करने की ओर कदम बढ़ाया है। लोगों को सोलर पर आधारित ऊर्जा का उपयोग अपने घर में रोशनी करने के लिए करना है।
उन्होंने कहा कि समाज के बगैर सहयोग के वन व पर्यावरण संरक्षण संभव नहीं है। यदि यह क्षेत्र अल्प वृष्टि की मार झेल रहा है तो उसके पीछे जंगल की कटाई भी है। समाज के लोगों को जंगल को बचाने के लिए आगे आना होगा। पानी की बर्बादी को रोकना पड़ेगा। हम यदि क्षेत्र को हरियाली में तब्दील कर दें, जंगल की कटाई को रोक दें तो निश्चित रूप से क्षेत्र में भरपूर बारिश की संभावना बढ़ेगी। किसानों को सिचाई के अभाव में खेती करने की स्थिति नहीं बनेगी। खेतों को भरपूर पानी मिलेगा, किसान भी गदगद रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील किया कि पौधे को बचाने पर सभी जोर दें। मौके पर वनरक्षी रामेश्वर हांसदा, जीतन हांसदा, स्वपन पंडित, वन संरक्षण समिति के जयप्रकाश तिवारी सहित कई लोग उपस्थित थे।