केरल की बाढ़ में फंसे झारखंड के 300 लोग, परिजन परेशान
बताया है कि रेलवे स्टेशन के चारों तरफ पानी भरा है। बाहर निकलने का कोई साधन नहीं है। तीन दिनों से वे इस स्टेशन पर हैं।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। जामताड़ा के करमाटांड़ के करीब आधा दर्जन गांवों के करीब तीन सौ लोग केरल में आई बाढ़ में फंसे हैं। ये सभी कामगार हैं। इनमें से 30 तो सिर्फ केरल के तालेश्वरी स्टेशन में फंस गए हैं। इनमें तीन बच्चे और एक महिला भी है।
करमाटांड़ के ग्रामीणों ने बताया कि इलाके के मदकपुर, तरकोजोरी, छाईटांड़, फिटकोरिया, फूकबंदी, विराजपुर गांवों के लोग रोजगार के लिए केरल गए थे। इन गांवों के आसिफ, मुशर्रफ, नसीम, सोनू, आशिक, शमशेर समेत 30 लोगों ने बाढ़ के कारण स्टेशन पर शरण ली है। करमाटांड़ में अपने परिजनों को सूचना दे दी है।
बताया है कि रेलवे स्टेशन के चारों तरफ पानी भरा है। बाहर निकलने का कोई साधन नहीं है। तीन दिनों से वे इस स्टेशन पर हैं। विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के मुख्य सचिव से इन लोगों को राहत पहुंचाने के उपाय करने की मांग की है।
प्रशासन के पास अभी ऐसी कोई सूचना नहीं है। मदद के लिए यदि परिजन आएंगे तो तत्काल हर संभव मदद दी जाएगी।
-आदित्य कुमार आनंद, उपायुक्त, जामताड़ा।