जामताड़ा में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते तलाब में चले गए 3 मासूम, गहरे में पानी में डूबने से मौत
जामताड़ा के चेंगायडीह गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां खेलते-खेलते तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई।

रोते-बिलखते स्वजन। फोटो जागरण
HighLights
जामताड़ा के चेंगायडीह में तालाब में डूबकर तीन बच्चों की मौत।
खेलते हुए घर से दूर तालाब तक पहुंचे थे मासूम।
घटना के बाद गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेंगायडीह गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। खेलते-खेलते तालाब तक पहुंचे तीन मासूम बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते तालाब के पास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हादसे की खबर घर पहुंचते ही मृतक बच्चों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर गांव के तीन बच्चे एक साथ खेल रहे थे। इसी दौरान वे घर से करीब आधा किलोमीटर दूर चिरकुटोला स्थित तालाब की ओर चले गए।
बताया गया कि तालाब में पहुंचने के बाद तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब बच्चों के डूबने की जानकारी मिली तो ग्रामीण तत्काल तालाब की ओर दौड़े।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृत बच्चों की पहचान आर्यन अंसारी (5), पिता जसीमुद्दीन अंसारी, नासिर अंसारी (लगभग 6), पिता तबारक अंसारी और अमर सोहेल (लगभग 6), पिता सजाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है।
तीनों बच्चे एक ही गांव के रहने वाले थे। एक साथ तीन मासूमों की मौत की खबर से पूरे चेंगायडीह गांव में मातम पसर गया।
कुछ देर पहले खेल रहे थे बच्चे
ग्रामीणों ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले तक तीनों बच्चे सामान्य रूप से खेल रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में इतनी बड़ी अनहोनी हो जाएगी।
घटना के बाद बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ गम का माहौल है। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करने की तैयारी की गई। हालांकि देर शाम तक मृत बच्चों के स्वजन पोस्टमार्टम कराने के लिए सहमत नहीं थे।
पुलिस व प्रशासन की टीम हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तालाब की सुरक्षा और बच्चों की निगरानी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें- साहिबगंज के एलडीएम प्रभु दयाल टोपनो का निधन, रांची के थे मूल निवासी
