जामताड़ा-गिरिडीह में साइबर अपराध में 17 धराए
जामताड़ा, गिरिडीह: जामताड़ा और गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध में 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जामताड़ा, गिरिडीह: जामताड़ा और गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध में 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें दो को जेल भेज दिया गया, जबकि अन्य से पूछताछ जारी है।
जामताड़ा में एसपी डॉ.जया राय के निर्देश पर मंगलवार शाम को पुलिस उपाधीक्षक सुमित कुमार ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कई गांवों में छापेमारी की। यहां के फोफनाद गांव से छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें रंजीत मंडल, शंकर मंडल, कमल मंडल, अमित मंडल, दिलीप मंडल, कुंभकरण मंडल हैं। इस दौरान पूर्व में नामजद आरोपी अशोक मंडल को भी गिरफ्तार किया गया। इनके पास से दो इंटवर्टर एक साउंड सिस्टम, 20 सिम कार्ड व एक दर्जन मोबाइल बरामद किए गए। छापेमारी में रोहित कुमार, सत्येंद्र शर्मा आदि थे। नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया से सोमवार को गिरफ्तार साइबर अपराधी संजय मंडल, दिवाकर मंडल को जेल भेज दिया गया है। इसके घर से फ्रिज फ्रीज, पंखा, दो बाइक, एटीएम कार्ड, पासबुक, मोबाइल आदि बरामद किए गए।
इधर, गिरिडीह के गांडेय व अहिल्यापुर थाना की पुलिस ने मंगलवार को डुमरडीहा में छापेमारी की। इस दौरान साइबर अपराध में आठ आरोपियों को पकड़ा। इनसे अहिल्यापुर पुलिस पूछताछ कर रही है। उनसे जब्त मोबाइल फोन की जांच भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कुछ भी कहने से इन्कार किया। सूत्रों का कहना है कि गांडेय व देवघर जिले की सीमा से सटे मारगोमुंडा थाना क्षेत्र में साइबर क्राइम की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस का कहना है कि छानबीन के बाद नामों को खुलासा किया जाएगा।