बुलेट सवार को पुलिस ने रोका तो तान दी पिस्तौल, जन्मदिन पर फायरिंग कर प्रेमिका को किया था इम्प्रेस Jamshedpur News
Jamshedpur Crime. यह वही युवक है जिसने कुछ दिन पहले अपनी प्रेमिका को इम्प्रेस करने के लिए उसके जन्मदिन की पार्टी में फायरिंग की थी।
जमशेदपुर, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान पुलिस ने एक बुलेट सवार युवक को रोका तो उसने पुलिस पर पिस्तौल तान दी। हालांकि पुलिस जवानों ने भी दिलेरी से काम लिया और उसे दौड़ा कर दबोच लिया। यह वही युवक है जिसने कुछ दिन पहले अपनी प्रेमिका को इम्प्रेस करने के लिए उसके जन्मदिन की पार्टी में फायरिंग की थी।
इसी के बाद वह पुलिस की नजर में आ गया था। पुलिस उसकी घेराबंदी में जुटी ही थी कि वह अपनी नई कारगुजारियों की वजह से पकड़ में आ गया। पकड़ा गया युवक रमण कुमार झा बिहार के सहरसा का मूल निवासी है और झारखंड के कदमा इलाके में रह रहा था। कई आपराधिक मामलों के आरोपित रमण को पिस्तौल के साथ कदमा पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा रमण एक माह पहले ही जेल से रिहा हुआ था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस तरह पकड़ा गया रमण
कदमा थाना के इंस्पेक्टर राजीव कुमार के अनुसार पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। बुलेट सवार युवक को रोका गया। उसने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ने लगा। पुलिस ने रोकना चाहा तो पिस्तौल तान दी। उसे किसी तरह पकड़ा गया। कुछ दिन पहले अपनी प्रेमिका के जन्मदिन पर भी उसने फायरिंग की थी। उसकी तलाश पिछले कई दिनों से पुलिस को थी।