Yoga Tips : क्या आपके पैर और पंजों में रहता है दर्द, इस आसान एक्सरसाइज से हो जाएगा दूर
अगर आपके पंजे व पैर में हमेशा दर्द रहता है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। योग के द्वारा इस समस्या से निजात पाया जा सकता है। बस आपको छोटी-छोटी एक्सरसाइज करनी होगी। योगा एक्सपर्ट पूनम वर्मा से जानिए...
जमशेदपुर : भागदौड़ भरी जिंदगी में शरीर को स्वस्थ व मजबूत रखने के लिए आपको कुछ समय निकालना होगा। शरीर के हर अंग को दुरुस्त व मजबूत रखने के लिए कुछ छोटे-छोटे योग करना आवश्यक है। इस व्यायाम से पैरों के दर्द दूर होते हैं तो वह मजबूत भी होता है। स्वस्थ तन-मन के लिए खानपान का बेहतर होना जरुरी है। सुबह में ध्यानपूर्वक व्यायाम करना फायदेमंद होता है।
कारण कि इस समय मन शांत रहता है तथा तनाव भी कम होता है। सोनारी की योग प्रशिक्षक पूनम वर्मा के मुताबिक आज लाइव योग सेशन में छोटे-छोटे योग के जरिए खुद को स्वस्थ रखा जा सकता है। तीन तरह के व्यायाम करने से हमारे पैरों को मजबूती मिलती है।
जानिए कैसे करेंगे पैरों को मजबूत
सबसे पहले योगा चटाई पर बैठकर अपने पैरों को सामने की ओर फैला कर सीधा करेंगे। अपनी कमर को भी सीधा रखेंगे। उसके बाद अपने हाथों को जांघों पर रखेंगे। अब अपने पैरों के पंजे व पैर की अंगलियों को पहले श्वास लेते हुए शरीर की ओर मोड़ेंगे। फिर सांस छोड़ते हुए इन्हें दूसरी ओर झुकाएंगे। दरअसल जिन लोगों को चलने व बैठक के समय पैरों, एड़ियों व पंजों में दर्द की शिकायत रहती है उन्हें यह व्यायाम करने से काफी आराम मिलेगी।
इसके बाद अपने पैरों को आराम मोड में छोड़ देना है। अब अपने घुटनों को अपने पैरों के पास लेकर आएंगे और हाथों की मदद से उन्हें अपनी जांघों व पेट को सटाएंगे। इसके बाद वापस अपने पैरों को फैला लेंगे। फिर वापस पैरों को ऊपरी शरीर के पास लेकर आएंगे। इस अभ्यास को दोहराएंगे। पैरों को दूर ले जाते समय सांस लेंगे और पास लाते हुए सांस छोड़ेंगे। ऐसा करने से भी पैर मजबूत होता हैं।
योग सेशन में पैरों के लिए एक और व्यायाम बताया गया है। इसके लिए अपने पैरों को पहले की तरह सीधा करना है। अब एक पैर को सीधा रखेंगे और दूसरे को अपने शरीर के ऊपरी हिस्से के पास वापस लेकर आएंगे। अपने हाथों की मदद से जांघों को पकड़ कर ग्रिप बनाएंगे और पैरे को हवा में ऊपर की ओर उटाएंगे। पैर को ऊपर ले जाते समय श्वास भरें और नीचे लाते समय सांस छोड़े। अब ऐसे ही दूसरे पैर के साथ करना है।