विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वियतनाम में सड़क हादसे में जमशेदपुर के योग शिक्षक की मौत, 'जिउतिया' पारण के बाद मां को दी जाएगी मौत की खबर

Published: Sat, 03 Oct 2026 02:24 PM (IST)

जमशेदपुर के योग शिक्षक विनय कुमार राय की वियतनाम में सड़क हादसे में मौत हो गई है। उनकी मां जिउतिया ...और पढ़ें

योग शिक्षक की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

योग शिक्षक की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. वियतनाम में सड़क हादसे में जमशेदपुर के योग शिक्षक विनय की मौत।

  2. मां जिउतिया व्रत पर, बेटे की लंबी उम्र की कामना कर रही।

  3. व्रत पारण के बाद मां को दी जाएगी बेटे की मौत की खबर।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। इस संसार में दुनिया का सबसे बड़ा बोझ बाप के कंधों पर बेटे का शव है। भगवान यह दुख किसी को भी न दें। ऐसा ही एक दर्दनाक वाक्या हुआ है शास्त्रीनगर ब्लाक नंबर-3 के रहने वाले रमेश राय के परिवार के साथ।

रमेश राय ने अपने बेटे को उसके बेहतर भविष्य के लिए पढ़ा-लिखा कर योग प्रशिक्षु बनाया। दो साल पहले उसे वियतनाम भेजा, इस उम्मीद में कि इकलौता बेटा बुढ़ापे में उनका सहारा बनेगा। मां लगन देवी ने अपने बेटे की लंबी उम्र के लिए घर पर जिउतिया का व्रत किया है। 

घर पर अखंड ज्योत जलाया है लेकिन लगता है कि इस बार भगवान सूर्य व जीमूतवाहन मां की पूजा के बाहर उन्हें बेटे की लंबी उम्र का आशीर्वाद नहीं देगे। क्योंकि रविवार को ही बेटे का शव उनके घर पर आने वाला है। इसके बाद बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट पर विनय का अंतिम संस्कार होगा।

पारण के बाद देंगे बेटे की मौत की जानकारी : पिता

पिता रमेश राय बताते हैं कि सड़क दुर्घटना में उनके इकलौते बेटे की मौत हो गई है लेकिन इसकी जानकारी उनके पांच भाइयों के अलावा किसी और को नहीं है। घर पर विनय की मां और दादा-दादी हैं लेकिन इस दुर्घटना की जानकारी किसी को नहीं है। 

पूरा परिवार जिउतिया का त्योहार मना रहा है। विनय की मां लगन देवी ने बेटे की सलामती के लिए उपवास किया है और जब वह पारण करेंगी तो इसके बाद घटना की जानकारी दूंगा।

कुंभ स्नान के लिए अंतिम बार आया था बेटा

पिता रमेश राय बताते हैं कि उनका बेटा विनय कुमार राय दो साल पहले योग शिक्षक की नौकरी के लिए वियतनाम गया था। इसके बाद अंतिम बार प्रयागराज में हुए कुंभ मेले में शामिल होने के लिए भारत आया था। 

बेटे ने मुझे और पूरे परिवार को अपने खर्च पर कुंभ स्नान कराया था। इस बार जब वह वापस लौटता तो उसकी शादी कराने पर विचार किया जा रहा था लेकिन उससे पहले यह घटना हो गई।

आज शहर पहुंचेगा बेटे का शव

वियतनाम में नौकरी करने गए विनय और रांची के राजा कुमार का 25 सितंबर को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पिता बताते हैं कि उनकी आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। इसलिए भाजपा नेताओं के माध्यम से केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय द्वारा विदेश मंत्री एस जयशंकर से बात की गई। 

विदेश मंत्रालय की पहल पर उनके बेटे का शव शनिवार दोपहर कोलकाता पहुंचेगा। वहां से एंबुलेंस से शव को सीधे टीएमएच लाया जाएगा। जहां से रविवार सुबह घर लाया जाएगा। 

उन्होंने बताया कि बेटे की मौत के बाद उनकी कंपनी द्वारा इंश्योरेंस सहित किसी तरह के आर्थिक सहयोग की कोई बात नहीं हुई हैं। मैंने भी कह दिया है कि बेटे का जो भी सामान है उसे वियतनाम में ही किसी जरूरतमंद के बीच वितरित कर दिया जाए।

यह भी पढ़ें- केनरा बैंक डकैती जमशेदपुर: फरार डकैतों पर 2-2 लाख रुपये का इनाम, पुलिस ने जारी की तस्वीर