विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केनरा बैंक डकैती जमशेदपुर: फरार डकैतों पर 2-2 लाख रुपये का इनाम, पुलिस ने जारी की तस्वीर

By Anwesh AmbesthaEdited By: Krishna Bahadur Singh Parihar
Published: Sat, 03 Oct 2026 01:22 PM (IST)

जमशेदपुर के गोलमुरी केनरा बैंक लूट मामले में पुलिस ने फरार तीन आरोपियों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।

डकैतों की तस्वीरें। फाइल फोटो

डकैतों की तस्वीरें। फाइल फोटो

HighLights

  1. गोलमुरी केनरा बैंक लूट के फरार आरोपियों पर इनाम घोषित।

  2. पुलिस ने तीन संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक कीं, सहयोग मांगा।

  3. फरार डकैतों की तलाश में पुलिस टीमें बिहार-बंगाल में सक्रिय।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। गोलमुरी केनरा बैंक से 23 किलो सोना और 43 लाख रुपये लूटने वाले डकैतों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने अब इनाम का दांव चला है।

24 सितंबर को हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस ने फरार तीन आरोपियों की तस्वीरें जारी करते हुए उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले को दो-दो लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने पांच संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक कर आम लोगों से पहचान और सूचना देने में सहयोग मांगा है।

पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों में प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार, पिता अरुण कुमार राय, निवासी चैत थाना, समस्तीपुर (बिहार), अक्षय कुमार उर्फ साका, पिता संजय यादव, निवासी गोसाई गांव, धनकडोभ, पटना (बिहार) और अमन सिंह, पिता देवानंद सिंह, निवासी रानीगंज, तालपुकुर बस्ती, गिरियापाड़ा, रानीगंज (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं। तीनों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

गोलमुरी थाना कांड संख्या 103/26 में बीएनएस की धारा 310(2), 311 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस के अनुसार डकैती के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे हैं। उनकी गतिविधियों और संभावित भागने के रास्तों की जानकारी जुटाने के साथ पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है।

20 अफसरों की SIT, शहर से बाहर तक छापेमारी

डकैती के बाद गठित 20 पुलिस अधिकारियों की एसआइटी सिटी एसपी ललित मीणा के नेतृत्व में जांच कर रही है। टीम की अलग-अलग इकाइयां बिहार, बंगाल और अन्य संभावित ठिकानों पर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

पुलिस को उम्मीद है कि तस्वीरें सार्वजनिक होने और इनाम घोषित किए जाने के बाद फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी आरोपी के संबंध में जानकारी मिलने पर वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस अधीक्षक (नगर), नगर डीएसपी या गोलमुरी थाना प्रभारी को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

यह भी पढ़ें- रांची: तिग्गा पुल के नीचे प्लास्टिक के बोरे में मिला युवती का शव, पहचान में जुटी पुलिस