विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

XLRI के छात्रों की लगी लॉटरी! इंटर्नशिप में हर महीने मिलेंगे 3.50 लाख रुपये, 587 विद्यार्थियों को मिला मौका

By Ch Rao Edited By: Mansi Kumari
Published: Wed, 14 Oct 2026 01:18 PM (IST)

XLRI जमशेदपुर के 2026-28 बैच के पीजीडीएम विद्यार्थियों का समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें 587 छात्रों को 594 ...और पढ़ें

XLRI की फाइल फोटो। जागरण

XLRI की फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. XLRI के 587 विद्यार्थियों को समर इंटर्नशिप मिली।

  2. इंटर्नशिप में औसत मासिक स्टाइपेंड ₹1.75 लाख और अधिकतम ₹3.50 लाख रहा।

  3. 106 कंपनियों ने 594 ऑफर दिए, जिनमें 32 नए रिक्रूटर शामिल रहे।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। XLRI-जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में पीजीडीएम (बिजनेस मैनेजमेंट) और पीजीडीएम (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) के 2026-28 बैच के समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट का सफलतापूर्वक समापन हो गया। जमशेदपुर और दिल्ली-एनसीआर कैंपस के कुल 587 विद्यार्थियों ने प्रक्रिया में हिस्सा लिया। 106 कंपनियों व संस्थानों ने विद्यार्थियों को 594 समर इंटर्नशिप आफर दिए। इनमें 32 नए रिक्रूटर शामिल रहे।

संस्थान के अनुसार, सभी विद्यार्थियों को इंटर्नशिप मिली है। इस वर्ष समर इंटर्नशिप में विद्यार्थियों को मिलने वाला औसत मासिक स्टाइपेंड 1.75 लाख रुपये रहा, जबकि मीडियन मासिक स्टाइपेंड 1.80 लाख रुपये रहा। सर्वाधिक मासिक स्टाइपेंड 3.50 लाख रुपये रहा। शीर्ष 10 प्रतिशत विद्यार्थियों का औसत मासिक स्टाइपेंड 2.58 लाख और शीर्ष 25 प्रतिशत का औसत 2.39 लाख रुपये रहा।

एक्सएलआरआई के निदेशक डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जार्ज, एसजे ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट में सभी विद्यार्थियों का चयन होना संस्थान के लिए खुशी की बात है। कंसल्टिंग, कंज्यूमर गुड्स, टेक्नोलाजी और फाइनेंस समेत विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने एक्सएलआरआई के विद्यार्थियों पर भरोसा जताया है।

इस वर्ष 32 नए रिक्रूटर जुड़ना संस्थान के प्रबंधन कार्यक्रमों की बढ़ती पहुंच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और कॉरपोरेट जगत के निरंतर सहयोग का परिणाम है।

क्षेत्रवार देखें तो कंसल्टिंग क्षेत्र में सबसे अधिक 30 प्रतिशत भूमिकाएं मिलीं। इसमें एक्सेंचर, बैन एंड कंपनी, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, कैपजेमिनी, डेलायट, ईवाई पैराथनान, केपीएमजी, पीडब्ल्यूसी समेत कई प्रमुख कंपनियां शामिल रहीं। एफएमसीजी, रिटेल और कंज्यूमर क्षेत्र में 21 प्रतिशत भूमिकाएं रहीं। यहां मार्केटिंग, सेल्स, सप्लाई चेन और आपरेशन से जुड़े अवसर विद्यार्थियों को मिले।

प्रमुख रिक्रूटर में हिंदुस्तान यूनिलीवर, आइटीसी, प्राक्टर एंड गैंबल, नेस्ले, पेप्सिको, कोलगेट-पामोलिव, मारिको और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स शामिल रहे।ई-कामर्स, टेक्नोलाजी और मीडिया क्षेत्र में 19 प्रतिशत भूमिकाएं मिलीं। अमेजन, सिस्को, गूगल, फ्लिपकार्ट, स्विगी, मीशो, जोमैटो की जगह जियोस्टार, सोनी, जेप्टो समेत कई कंपनियों ने भर्ती की।

बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा क्षेत्र में अमेरिकन एक्सप्रेस, बार्कलेज, सिटीबैंक, डीई शा, डायचे बैंक, एचडीएफसी एर्गो, आइसीआइसीआइ बैंक और जेपी मार्गन चेज जैसी कंपनियां शामिल रहीं। मैन्युफैक्चरिंग, आटोमोबाइल, एनर्जी और टेलीकाम क्षेत्र से टाटा स्टील, बजाज आटो, महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू, एयरटेल, टाटा इलेक्ट्रानिक्स, वेदांता और रिन्यू समेत कंपनियों ने अवसर दिए। वहीं, आदित्य बिड़ला ग्रुप, एलएंडटी, रिलायंस, आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप, आरपीजी ग्रुप और टाटा एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज ने जनरल मैनेजमेंट में भूमिकाएं प्रदान कीं। 

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में 1945 से 2015 तक के जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों का होगा डिजिटलीकरण, सात दशक पुराने रिकॉर्ड रहेंगे सुरक्षित

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर के इन पूर्व पुलिस कप्तानों के कंधों पर देश की सुरक्षा की बड़ी कमान, केंद्र में संभाल रहे हैं NIA और CBI जैसे अहम पद