खेतों से निकलेगा स्टार्टअप का रास्ता! XLRI में RBIC का उद्घाटन, कृषि और ग्रामीण नवाचार को मिलेगा नाबार्ड का सहारा
XLRI और नाबार्ड ने जमशेदपुर में ग्रामीण व्यवसाय इनक्यूबेशन सेंटर (RBIC) का उद्घाटन किया। नाबार्ड के चेयरमैन डॉ. शाजी केवी ...और पढ़ें

शनिवार को प्रेसवार्ता में जानकारी देते नाबार्ड के चेयरमैन डॉ. शाजी केवी।
HighLights
250 स्टार्टअप्स को मिलेगी आर्थिक और बाजार सहायता।
जलवायु, स्वास्थ्य, सहकारी क्षेत्रों पर रहेगा विशेष ध्यान।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर । पूर्वी भारत में स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए XLRI जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और नाबार्ड (NABARD) ने हाथ मिलाया है। शनिवार को नाबार्ड के चेयरमैन डॉ. शाजी केवी ने XLRI परिसर में ग्रामीण व्यवसाय इनक्यूबेशन सेंटर (RBIC) का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर XLRI बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन सह टाटा स्टील के एमडी टीवी. नरेंद्रन और निदेशक फादर सेबेस्टियन जॉर्ज सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। यह केंद्र XLRI काउंसिल फॉर इनोवेशन टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप (XCITE) की देखरेख में संचालित होगा।
250 स्टार्टअप्स को मिलेगा आर्थिक और बाजार सहयोग
उद्घाटन के बाद प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. शाजी केवी ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि नाबार्ड ने इस क्षेत्र के 250 स्टार्टअप्स को आर्थिक सहयोग प्रदान करने का लक्ष्य रखा है।
इन क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस
यह सेंटर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के राज्यों में नवाचार को नई दिशा देगा। नाबार्ड और XCITE का मुख्य ध्यान निम्नलिखित क्षेत्रों पर रहेगा:
- क्लाइमेट इकोनॉमी: पर्यावरण के अनुकूल व्यवसाय।
- स्वास्थ्य सेवा: ग्रामीण क्षेत्रों में दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सा स्टार्टअप।
- को-ऑपरेटिव सोसाइटी: सहकारी समितियों का आधुनिकीकरण। अब तक 77 हजार सदस्यों को डिजिटल रूप से दक्ष बनाया जा चुका है।
देश का 11वां विशिष्ट केंद्र
XLRI में स्थापित यह सेंटर देश का 11वां केंद्र है, जिसके साथ नाबार्ड जुड़ा है। यह केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों के नए आइडियाज को तराशने का काम करेगा। XCITE द्वारा अनुमोदित और निखारे गए स्टार्टअप्स को नाबार्ड सीधे तौर पर ग्रांट और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगा।
1949 में स्थापित XLRI अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता के लिए जाना जाता है। इस नई पहल से उम्मीद है कि जमशेदपुर और पूरा झारखंड जल्द ही ग्रामीण स्टार्टअप्स के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत का सपना ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा दिए बिना पूरा नहीं हो सकता। नाबार्ड न केवल इन स्टार्टअप्स को फंडिंग देगा, बल्कि उनके उत्पादों के लिए बाजार भी उपलब्ध कराएगा।
- डॉ. शाजी केवी, चेयरमैन, नाबार्ड
