दुनिया में चमका XLRI जमशेदपुर: मास्टर्स इन मैनेजमेंट रैंकिंग में लगाई 25 पायदान की छलांग
एक्सएलआरआई जमशेदपुर ने मास्टर्स इन मैनेजमेंट (एमआईएम) रैंकिंग 2026 में 25 पायदान की छलांग लगाकर विश्व स्तर पर 33वां स्थान हासिल किया है।

एक्सएलआरआई जमशेदपुर। (जागरण)
HighLights
XLRI जमशेदपुर ने वैश्विक MIM रैंकिंग में 33वां स्थान पाया।
संस्थान ने 25 पायदान की अप्रत्याशित छलांग लगाई है।
यह उपलब्धि वैश्विक मानकों पर संस्थान की उत्कृष्टता दर्शाती है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सात दशकों की गौरवमयी शैक्षणिक विरासत और नैतिक नेतृत्व की सुदृढ़ बुनियाद पर खड़े एक्सएलआरआई (जेवियर स्कूल आफ मैनेजमेंट) ने वैश्विक क्षितिज पर अपनी श्रेष्ठता का परचम लहराया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित मास्टर्स इन मैनेजमेंट (एमआइएम) रैंकिंग 2026 में जमशेदपुर के इस प्रतिष्ठित संस्थान ने 25 पायदान की अप्रत्याशित छलांग लगाते हुए विश्व स्तर पर 33वां स्थान हासिल किया है।
132 अंतरराष्ट्रीय संस्थानों का कड़ा मूल्यांकन
गत वर्ष 58वें स्थान पर रहे एक्सएलआरआई ने इस बार दुनिया भर के 132 दिग्गज बिजनेस स्कूलों के पूर्णकालिक प्रबंधन पाठ्यक्रमों को पछाड़कर यह गौरवमयी मुकाम अर्जित किया है।
यह उपलब्धि विद्यार्थियों के शानदार वेतन पैकेज, वेतन वृद्धि दर, त्वरित करियर प्रगति, पूर्व छात्रों (एलुमनाई) के सशक्त वैश्विक नेटवर्क, जेंडर डायवर्सिटी और सस्टेनेबिलिटी जैसे कड़े पैमानों पर संस्थान की उत्कृष्टता की पुष्टि करती है।
वर्ष 1949 में स्थापित देश के सबसे पुराने बिजनेस स्कूल एक्सएलआरआई ने हमेशा से कॉरपोरेट जगत को संवेदनशील व उत्तरदायी नेतृत्व देने की परंपरा निभाई है।
संस्थान की साख को नई ऊंचाई
वैश्विक मानकों (एएसीएसबी व एम्बा मान्यता) के अनुरूप तैयार अत्याधुनिक पाठ्यक्रम और उद्योग जगत के साथ गहरे जुड़ाव ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर संस्थान की साख को नई ऊंचाई दी है।
इस ऐतिहासिक छलांग ने अंतरराष्ट्रीय फलक पर भारतीय प्रबंधन शिक्षा की धमक बढ़ाने के साथ-साथ लौहनगरी जमशेदपुर को भी वैश्विक पहचान दिलाई है।
संस्थान प्रबंधन के अनुसार, यह उपलब्धि जटिल व्यावसायिक चुनौतियों का सामना करने के लिए दक्षता और निष्ठा से परिपूर्ण जिम्मेदार नेतृत्व तैयार करने की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है।
यह भी पढ़ें- टाटा स्टील कर्मचारियों के खाते में आया बोनस, जमशेदपुर में हुई धनवर्षा; 315 करोड़ बोनस राशि पर सहमति
