सोशल साइट से मानसिक रूप से बीमार हो रहीं छात्राएं
जिला स्वास्थ्य मिशन (पूर्वी सिंहभूम) की ओर से पीपुल्स अकादमी उच्च विद्यालय न्यू बाराद्वारी में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस सप्ताह के अवसर पर जिला स्वास्थ्य मिशन (पूर्वी सिंहभूम) की ओर से पीपुल्स अकादमी उच्च विद्यालय न्यू बाराद्वारी में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एमजीएम अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. दीपक गिरी ने कहा कि मानसिक रोग एक बीमारी है, इसका इलाज संभव है। यह बीमारी छात्राओं में अब बढ़ रही है, इसका कारण है उनके द्वारा देर रात तक सोशल साइट्स का इस्तेमाल करते रहना। छात्राओं को सोशल साइट से दूर रखने में अभिभावक मदद करें, खासकर शिक्षिकाएं। वरना हमें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि एक सर्वे के अनुसार छात्रों से ज्यादा छात्राएं देर रात तक सोशल साइट्स का इस्तेमाल कर रही हैं। यह धीरे-धीरे मनोरोग की ओर बढ़ता जा रहा है। मानसिक रोगियों को वह सभी अधिकार प्राप्त हैं जो भारत के नागरिक को प्राप्त हैं। मानसिक रोगों के लिए जिम्मेदार हमारी बदली हुई जीवनशैली है। जिस तरह शरीर को चलाने के लिए व्यक्ति भोजन, व्यायाम व प्राणायाम करता है, उसी प्रकार अपने मन और बुद्धि को बौद्धिक खुराक़ देना भी जरूरी है। बौद्धिक खुराक के रूप में महापुरुषों के जीवन शैली को पढ़ना चाहिए। साथ ही व्हाट्सएप तथा फेसबुक जैसे सोशल मीडिया से दूर हटकर अपने परिवार को गुणवत्ता युक्त समय देना चाहिए।
इसमें करीब 70 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। प्रतिभागी के रूप में कस्तुरबा गाधी आवासीय विद्यालय की शिक्षिकाएं व शिक्षक शामिल हुए। तीन सत्र में कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला में पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. महेश्वर प्रसाद, राज्य मुख्यालय से आयीं शातना तथा समन्वयक बीएन उषा मौजूद रहीं। इस दौरान प्रतिभागियों के लिए ओपेन सेशन का आयोजन किया गया। पहले सत्र में सामान्य मानसिक बीमारियों के बारे में बताया गया। दूसरे सत्र में आत्महत्या की प्रवृत्ति रोकने तथा तीसरे सत्र में बच्चों में बढ़ते इंटरनेट के इस्तेमाल से पैदा हो रही मानसिक परेशानियों के बारे में जानकारी दी गयी। शिक्षिकाओं ने बच्चों की बदलती आदतों के बारे में बताया।