CAA Protest in Jharkhand : सीएए के विरोध में यहां महिलाओं ने किया मार्च, दिया धरना Jamshedpur News
Citizenship amendment Act 2019. सीएए के विरोध में झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में महिलाओं ने मार्च किया और सभा की।
जमशेदपुर, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship amendment Act) और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन (National Register of Citizens) के विरोध में झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में महिलाओं ने मार्च किया और सभा की।
मानगो के ईदगाह मैदान में मुस्लिम महिलाओं ने इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया और फिर मार्च कर मानगो के गांधी मैदान पहुंची जहां धरना दिया। ईदगाह मैदान में हुई सभा में महिला वक्ताओं ने एनआरसी और नागरिक संशोधन कानून हटाने की मांग की। महिलाओं ने नागरिकता संशोधन कानून हटाए जाने तक आंदोलन चलाते रहने की बात कही। इसके बाद ईदगाह मैदान से गांधी मैदान तक एक रैली निकाली गई। गांधी मैदान में महिलाओं का धरना जारी है।
मानगो के गांधी मैदान में हो चुकी हैं दो बड़ी सभाएं
बुधवार को सीएए के विरोध में सभा में शामिल महिलाएं।
सीएए और एनआरसी के विरोध में मानगो के गांधी मैदान में पिछले दिनों दो बड़ी सभाएं हो चुकी हैं। एक का आयोजन ऑल इंडिया सोशल माइनारिटी वेलफेयर फ्रंट जबकि दूसरे का संविधान बचाओ संघर्ष मोर्चा के किया था। एक सभा में बिहार में सीएए के विरोध की अगुवाई कर रहे पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू याव ने भी की थी। पप्पू याव पिछले दिनों पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में विरोध में हुई सभा में भी शामिल हुए थे। एक सभा में तो जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष व भाकपा नेता कन्हैया कुमार के भी भाग लेने की चर्चा हुई थी। हालांकि, वे नहीं आए।
31 जनवरी को धरना की तैयारी
विरोध आंदोलन की कड़ी में 31 जनवरी को उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना देने की तैयारी है। ऑल इंडिया सोशल माइनारिटी वेलफेयर फ्रंट ने डीसी व एसएसपी को इसकी जानकारी दे दी है। बहरहाल, बुधवार के आंदोलन में शामिल महिलाओं ने आरोप लगाया कि नागरिकता संशोधन काननू और एनआरसी लाने के पीछे केंद्र सरकार का खास एजेंडा है। यही वजह है कि तमाम विरोधों के बाचजूद सरकार पीछे हटने को तैयार नहीं हो रही है। भारत के संविधान की मूलभावनाओं से खिलवाड़ की इजाजत किसी भी पार्टी या सरकार को नहीं दी जा सकती। जबतक सरकार कदम पीछे नहीं खींचती, आंदोलन चलता रहेगा। गौरतलब हो कि मानगो इलाके की मुस्लिम महिलाओं ने पिछले दिनों विरोध में रोजा भी रखा था।