354 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ आदित्यपुर में महिला गिरफ्तार, ड्रग पेडलर है महिला Jamshedpur News
Brown Sugar.सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में पुलिस टीम ने छापामारी कर ब्राउन शुगर के साथ महिला नग्मा खातून को गिरफ्तार किया है।महिला के पास से 354 पुडिया ब्राउन शुगर बरामद किया गया है जिसका वजन 37.00 ग्राम है।
जमशेदपुर,जासं। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में पुलिस टीम ने छापामारी कर ब्राउन शुगर के साथ महिला नग्मा खातून को गिरफ्तार किया है। जिले के एसपी मो. अर्शी ने बताया महिला के पास से 354 पुडिया ब्राउन शुगर बरामद किया गया है जिसका वजन 37.00 ग्राम है।
प्लास्टिक के पाकेट से बरामद ब्राउन शुगर का वजन 11.00 ग्राम है। पूछताछ में महिला से जानकारी मिली कि वह आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती में ड्रग्स पहुंचाने और बिक्री करती थी। महिला ड्रग्स पेडलर है। उसके खिलाफ आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अबतक पकड़ी गई है पांच महिलाएं
एसपी ने बताया कि ब्राउन शुगर कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। बीते छह माह में ड्रग्स बेचने वाले 15 से अधिक लोग पकड़े गए हैं। इनमें पांच महिलाएं भी शामिल हैं। मुख्य सरगना डॉली परवीन को पुलिस ने जुलाई में गिरफ्तार किया था। वह सरायकेला जेल में बंद है।
अभी भी पकड़ से दूर हैं सप्लायर
गौरतलब हो कि इलाके में ड्रग्स की खरीद-बिक्री जारी है। डॉली परवीन के कई रिश्तेदारों और पति को भी पुलिस जेल भेज चुकी है। धंधे में महिलाएं शामिल हैं। ब्राउन शुगर का धंधा आदित्यपुर से जमशेदपुर के बर्मामाइंस, सिदगोड़ा, मानगो, सीतारामडेरा, आजादनगर तक फैल चुका है। जमशेदपुर में भी विगत दिनों चार महिलाएं अलग-अलग थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर के साथ पकड़ी गई थी। ड्रग्स बिक्री करने वाले पकड़े जा रहे हैं, लेकिन ड्रग्स उपलब्ध कराने वाले सप्लायर गिरफ्त में नहीं आ रहे। कहां से ड्रग्स आदित्यपुर और जमशेदपुर में आ रहे हैं इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है।