Jamshedpur Crime: बिष्टुपुर सर्किट हाउस एरिया से महिला का अपहरण, नोवामुंडी में मिली
Jamshedpur Crime पुलिस को जानकारी मिली है कि महिला का पुत्र जो बड़बिल में रहकर काम करता था विशेष समुदाय की एक युवती को प्रेम-प्रसंग में लेकर फरार हो गया। घटना के एक माह हो गए। कोई अता-पता नहीं चल पाया।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। बिष्टुपुर के सर्किट हाउस एरिया के एक अपार्टमेंट से महिला का अपहरण लग्जरी कार पर सवार लोगों ने कर लिया। महिला की पुत्री की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। जमशेदपुर पुलिस की सूचना पर नोवामुंडी थाना की पुलिस ने कार से महिला को बरामद किया। कार में सवार लोगों से भी पूछताछ की। बिष्टुपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत ने महिला से फोन पर बातचीत की। महिला ने अपहरण से इंकार किया, लेकिन अपहरण की प्राथमिकी बिष्टुपुर थाना में दर्ज हो जाने के कारण पुलिस अब मामले में महिला का अदालत में 164 के तहत बयान कलमबंद कराएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
पूरी घटना को लेकर पुलिस परेशान रही। इससे पहले महिला की बरामदगी की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद जमशेदपुर महानगर इकाई के अध्यक्ष जर्नादन पांडेय समेत कई लोग बिष्टुपुर थाना पहुंचे थे। महिला की पुत्री का आरोप है कि उसकी मां का हाथ-पैर बांधकर कार सवार जबरन ले गए। उसे भी ले जाने का प्रयास किया था। अपहरण करने वाले ओडिशा के बडबिल इलाके से आए थे। बुरे परिणाम भुगतने की चेतावनी देकर लोग गए है। इधर, पुलिस को जानकारी मिली है कि महिला का पुत्र जो बड़बिल में रहकर काम करता था, विशेष समुदाय की एक युवती को प्रेम-प्रसंग में लेकर फरार हो गया। घटना के एक माह हो गए। कोई अता-पता नहीं चल पाया।
पुलिस कर रही जांच
युवती के स्वजनों ने बड़बिल थाना में युवक के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई। युवती और युवक की खोज करते हुए युवती के स्वजन बिष्टुपुर सर्किट हाउस एरिया में रहने वाले युवक के घर के पहुंच गए। युवक के संबंध में जानकारी मांगी। इसके बाद बातचीत करते हुए युवक की मां को साथ ले गए जिसके बाद महिला की पुत्री ने मां के अपहरण होने की जानकारी विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं और बिष्टपुुर थाना की पुलिस को दी। महिला के पति ने बताया जिस समय घटना हुई वे डयूटी गए थे। घर पर पत्नी और बेटी थी। बेटे के कारण उसकी पत्नी और पुत्री को कार सवार जबरन ले जाने का प्रयास किया। पुत्री के विरोध के कारण उसे नहीं ले गए। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।